अल्मोड़ा: नंदादेवी महोत्सव में सांस्कृतिक जुलूस ने बढ़ाई शोभा, नंदादेवी परिसर से हुआ शुभारंभ
अल्मोड़ा, अमृत विचार। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में चल रहे नंदा देवी महोत्सव के तहत शुक्रवार को नगर में सांस्कृतिक जुलूस निकाला गया। स्कूली छात्र छात्राओं ने इस सांस्कृतिक जुलूस में अपनी प्रतिभा का जलवा दिखाते हुए नगर में उत्तराखंडी संस्कृति की बयार बहा दी। सांस्कृतिक जुलूस के लिए पहले विभिन्न टोलियां सज धज कर जीजीआईसी …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में चल रहे नंदा देवी महोत्सव के तहत शुक्रवार को नगर में सांस्कृतिक जुलूस निकाला गया। स्कूली छात्र छात्राओं ने इस सांस्कृतिक जुलूस में अपनी प्रतिभा का जलवा दिखाते हुए नगर में उत्तराखंडी संस्कृति की बयार बहा दी।
सांस्कृतिक जुलूस के लिए पहले विभिन्न टोलियां सज धज कर जीजीआईसी के निकट ड्योड़ीपोखर पर एकत्रित हुए। जहां चंद राजाओं की कुलदेवी का मंदिर स्थित है। यहां से मुख्य विकास अधिकारी अंशुल सिंह ने सांस्कृतिक जुलूस का उद्घाटन किया। विभिन्न सांस्कृतिक दल गीत गाते, नाचते थिरकते और करतब दिखाते आगे बढ़े। इस मनोहारी नजारे ने नगर में सांस्कृतिक बयार बहा दी। सांस्कृतिक टीमें में अपनी अपनी प्रस्तुतियों का प्रदर्शन करते आगे बढ़ रहे थे। कहीं घोष स्तुति ने समां बांधा, तो कहीं छोलिया नर्तकों ने अपनी ओर ध्यान खींचा। वहीं दैणा होया पंचनाम देवा, हे नंदा भवानी, जय मां नंदा सुनंदा, रूपसा रे मोती घुंघुर नि बजा छम आदि विविध गीत व करतब आकर्षण का केंद्र रहे। यह सांस्कृतिक जुलूस मुख्य बाजार मार्ग होते हुए नंदादेवी मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस मौके पर नंदादेवी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मनोज वर्मा, मुख्य संयोजक मनोज सनवाल, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक तारा चंद्र जोशी, सह सांस्कृतिक संयोजक परितोष जोशी, मीडिया प्रभारी अमरनाथ सिंह नेगी, संरक्षक धन सिंह मेहता, जीवन नाथ वर्मा, राज परिवार से राजा भैया, किशन गुरुरानी, दिनेश गोयल, रवि गोयल आदि रहे।
कदली वृक्षों को दिया निमंत्रण
मां नंदा सुनंदा की मूर्तियों के निर्माण के लिए कदली वृक्षों को निमंत्रित करने की परंपरा निभाई गई। इस बार कर्नाटकखोला स्थित कमलेश कर्नाटक के आवास से कदली के खाम लाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए मंदिर समिति से शोभायात्रा के रूप में दल छोलिया नृतकों, ढोल, नगाड़ों व निशाणों के साथ कर्नाटकखोला पहुंची। जहां राज पुरोहित नागेश पंत, मंदिर के पुजारी तारा दत्त जोशी ने कदली वृक्षों की विधिवत पूजा अर्चना की और उन्हें निमंत्रित किया। अब कल भव्यता के साथ इन कदली के खामों को नंदादेवी मंदिर में लाया जाएगा।
चौखुटिया में गणेश महोत्सव की धूम
चौखुटिया के मुख्य गनाई बाजार में गणेश महोत्सव की धूम मची है। बीते बुधवार से शुरू हुए महोत्सव का चार सितंबर को भव्य शोभायात्रा के बाद गणेश प्रतिमा विसर्जन के साथ समापन होगा। शुक्रवार सुबह पूजा पाठ व दोपहर से यहां भजनों की धूम के साथ ही महाआरती के बाद प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ। जिसमें भारी तादाद में भक्तों ने महोत्सव में भागीदारी की। हर दिन पूजा पाठ के बाद मां लखनेश्वरी के सानिध्य में प्रवचन व भजन-कीर्तन की गूंज के साथ पूरा बाजार गणपति बप्पा मोरिया के भक्ति रस से सराबोर है। समिति के राजेंद्र कांडपाल ने बताया कि चार सितंबर को हवन, पूजा, भंडारे के साथ पूरे बाजार क्षेत्र में शोभा यात्रा के बाद मां अगनेरी के रामगंगा नदी में मूर्ति विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।
