मुरादाबाद : सीएम योगी ने कहा- जिम्मेदारी सभी का नैतिक दायित्व, जनप्रतिनिधियों का सम्मान जरूरी
मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां सर्किट हाउस में जहां योजनाओं की समीक्षा में अधिकारियों को दो टूक नसीहत दी। वहीं, 107.31 करोड़ की 27 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से सरकार के संकल्प को गति दी। कहा कि पीतल नगरी में कोविड संक्रमण के बाद 1000 करोड़ से अधिक के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां सर्किट हाउस में जहां योजनाओं की समीक्षा में अधिकारियों को दो टूक नसीहत दी। वहीं, 107.31 करोड़ की 27 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से सरकार के संकल्प को गति दी। कहा कि पीतल नगरी में कोविड संक्रमण के बाद 1000 करोड़ से अधिक के कार्य औद्योगिक विकास के लिए किए जा रहे हैं। उधर, अधिकारियों से दो टूक कहा कि जन प्रतिनिधियों को सम्मान देने में कतई ढिलाई न करें। इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
मुख्यमंत्री शनिवार को मूंढापांडे हवाई पट्टी पर उतरने के बाद हेलीकाप्टर से सर्किट हाउस पहुंचे। यहां पर पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी सहित अन्य जन प्रतिनिधियों से मुलाकात की। मंडलीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों के पेच भी कसे। सर्किट हाउस में ही 107.31 करोड़ की 27 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें नगर विकास विभाग की 10 महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी शामिल रहीं जो नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड की हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आम आदमी की संतुष्टि सर्वोपरि है। आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन को जनता की समस्या निदान का अच्छा माध्यम बताया। निर्देश दिए कि फील्ड में तैनात अधिकारी- कर्मचारी जन समस्याओं के निस्तारण को शीर्ष प्राथमिकता दें। बेसिक शिक्षा अधिकारी, सीएमओ व डीआईओएस को खासकर अपने अधीनस्थ कार्यालयों का प्रतिदिन औचक निरीक्षण कर व्यवस्था में सुधार की हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित भ्रमण और क्षेत्र में रात्रि विश्राम करने के लिए कहा। मंडल, रेंज और जोन स्तर के अधिकारियों को भी जिलों में रात्रि विश्राम कर समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता देने के लिए कहा। जिला प्रशासन के अधिकारियों से राजस्व वसूली की नियमित समीक्षा और उद्योग बंधुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान में रुचि लेने के लिए कहा।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, गन्ना विकास मंत्री संजय गंगवार, पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह, मुरादाबाद के सपा सांसद डॉ. एसटी हसन, नगर विधायक रितेश गुप्ता, महापौर विनोद अग्रवाल, सदस्य विधान परिषद डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, सतपाल सैनी, गोपाल अंजान के अलावा मुरादाबाद देहात विधायक नासिर कुरैशी, कांठ विधायक कमाल अख्तर, ठाकुरद्वारा विधायक नबाव जान, कुन्दरकी विधायक जियाउरहमान वर्क और बिलारी के विधायक मोहम्मद फहीम आदि मौजूद रहे।

23 परियोजनाओं का लोकार्पण व चार का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद में 107.31 करोड रुपये से अधिक की 27 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 92.75 करोड़ रुपये से अधिक की 23 परियोजनाओं का लोकार्पण और 14.56 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 4 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं का भी लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत 20 ई-क्योस्क, सिटी ब्रान्डिंग परियोजना, 18 सोलर आधारित स्मार्ट टायलेट, 15 सोलर आधारित वाटर एटीएम, इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन, अटल पथ निर्माण कार्य, गुलाबबाड़ी में एमआरएफ सेंटर कार्य, वर्टिकल गार्डन कार्य को लोकार्पित किया। इसके अलावा नवनिर्मित पांच नलकूप, कस्तूरबा गांधी छात्रावास बिलारी, कुन्दरकी, कांठ, भगतपुर टांडा राजकीय आईटीआई निर्माण,प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ढक्का, मूंढापांडे में मल्टीपरपज हाल, कुन्दरकी पेयजल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना में ग्राम ढक्का में दुर्बल आय वर्ग के भवनों का निर्माण, मोढ़ा पेयजल योजना का लोकार्पण किया।

डीआईजी ने बताई सुरक्षा की स्थिति
पुलिस उपमहानिरीक्षक शलभ माथुर ने मंडलीय कानून व्यवस्था की जानकारी पावर प्वाइंट प्रजेन्टेशन दिया। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान में चौपालों में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा महिला अपराध से संबंधित धाराओं तथा हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। 112, 1090, 181, 108, 1076, 1098 नंबरों पर मिल रही सुविधा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि एंटी रोमियो टीम योजना द्वारा 59 अभियुक्त पंजीकृत किए गए और 8,000 कार्ड वितरित किए गए। 54,498 स्थानों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि परिक्षेत्र में पॉक्सो एक्ट में वर्ष 2022 में अब तक 75 अभियोगों में प्रभावी पैरवी की गई। गैंगस्टर, रासुका, गुंडा एक्ट में 2160 कार्रवाई का विवरण दिया। साथ ही यह भी बताया कि एक जनवरी से 31 अगस्त तक 290 माफिया के विरुद्ध कार्रवाई कर 67 करोड़ 34 लाख की संपत्ति की गई है।
अमृत सरोवर, सामुदायिक शौचालय पर मंडलायुक्त ने रखी बात
मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने अमृत सरोवर योजना, सामुदायिक शौचालय निर्माण, पंचायत भवन निर्माण, स्मार्ट फोन एवं टेबलेट वितरण, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मध्य गंगा नहर परियोजना आदि पर विशेष फोकस किया। गोवंश और मंडल में लंपी स्किन रोग से प्रभावित पशुओं की स्थिति के बारे में पावर प्वाइंट प्रजेन्टेशन कर जानकारी दी गई।
कान्हा गोशाला में आठ मिनट तक रहे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनाठेर स्थित कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया। यहां आठ मिनट रहे। उन्होंने गो पूजन कर गुड़-चना खिलाया। उन्होंने गोशाला में गो चेतना केंद्र व दिव्ज्ञा केयर वेलनेस फाउंडेशन का उद्घाटन किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की सांसें अटकी रहीं। शनिवार की दोपहर 3:54 बजे मुख्यमंत्री काफिले के साथ मैनाठेर स्थित कान्हा गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे। मुख्यमंत्री के गोवंश से लगाव को देखते हुए अधिकारियों के हाथ-पैर फुले हुए थे। 7070 वर्ग मीटर में फैली गोशाला को सजाया गया था। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम थे। गोशाला में 155 नर व 154 मादा गोवंश हैं। तीन गोवंश बीमार हैं। मुख्यमंत्री ने बीमार गोवंश के स्वास्थ्य की जानकारी ली। सबसे पहले गो पूजन किया। इसके बाद गायों को गुड़ व चना खिलाया। मुख्यमंत्री गोशाला का नक्शा बनाने वाले आर्किटेक्चर विनायक गुप्ता से मिलकर उनके कार्य की सराहना की। विनायक ने मुख्यमंत्री को गोशाला में वेद विद्यालय बनाने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने इस पर विचार करने को कहा। उन्होंने बायोगैस प्लांट देख गोबर से जैविक खाद बनाने का निर्देश दिया। कहा कि जैविक खाद से खेती की जाए। दोपहर 4:02 बजे पर मुख्यमंत्री गोशाला से रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री ने गो चेतना केंद्र का किया उद्घाटन
गोशाला में मुख्यमंत्री ने दिविज्ञा केयर वेलनेस फाउंडेशन व गो चेतना केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने गाय के गोबर से बने गणपति, दीपक, लकड़ी, धूपबत्ती व हवन सामग्री देख सराहना की। फाउंडेशन की डायरेक्टर गौरी जैन ने बताया कि उनकी संस्था जेल में रहने वाली महिलाओं से यह चीजें बनवाती हैं। मुरादाबाद व मेरठ की जेल में रहने वाली महिलाओं के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह चलाने वाली महिलाओं से भी इन चीजों को बनवाया जाता है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सीएम योगी आज परखेंगे विकास कार्यों की हकीकत, जानें पूरा कार्यक्रम
