नैनीताल: नगर पालिका वसूलेगी ट्रांसफार्मर, सब स्टेशन लगाने का किराया
नैनीताल, अमृत विचार। लगातार घाटे में जा रही नगर पालिका की आर्थिक स्थिति मजबूत होने जा रही है। घाटे से उबरने के लिए नगर पालिका ऊर्जा निगम से ट्रांसफार्मर और सब स्टेशन लगाने का किराया लेगी। इससे पालिका की सालाना 50 लाख रुपये की आय होगी। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार वर्मा ने …
नैनीताल, अमृत विचार। लगातार घाटे में जा रही नगर पालिका की आर्थिक स्थिति मजबूत होने जा रही है। घाटे से उबरने के लिए नगर पालिका ऊर्जा निगम से ट्रांसफार्मर और सब स्टेशन लगाने का किराया लेगी। इससे पालिका की सालाना 50 लाख रुपये की आय होगी।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि ऊर्जा निगम ने शहर के अंदर पालिका की जमीन पर कई स्थानों पर बिना अनुमति के ट्रांसफार्मर और सब स्टेशन बनाए हैं। इनका कई वर्षों से किराया जमा नहीं किया है। बीते मार्च 2022 को नगर पालिका ने पालिका एक्ट 1997 के तहत ऊर्जा निगम को 24 करोड़ का नोटिस भेज कर पालिका की जमीन पर बने सब स्टेशन और ट्रांसफार्मर का किराया जमा करने को कहा था, लेकिन ऊर्जा निगम ने पालिका के पत्र का संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
इसके बाद पालिका ने शासन को पत्र लिखकर ऊर्जा निगम से किराए की राशि दिलाने की मांग की। बीते दिनों शासन ने पालिका को पत्र भेजकर ऊर्जा निगम से लंबित भुगतान का ब्यौरा मांगा है। इससे ऊर्जा निगम पर पालिका के बकाया मिलने की उम्मीद जगी है।
ईओ अशोक कुमार वर्मा ने बताया अब पालिका नए सर्किल दरों के आधार पर ऊर्जा निगम से आने वाले समय में पालिका की भूमि पर बने सब स्टेशन और ट्रांसफार्मर का किराया वसूल करेगी, जिससे पालिका को प्रतिवर्ष 50 लाख रुपये की आय प्राप्त होगी।
