बरेली: अफवाह में न पड़ें, खुला रहेगा बाजार
बरेली,अमृत विचार। जिले में बुधवार को कोरोना के 48 संक्रमित सामने आने के बाद शुक्रवार को शहर में बाजार बंद की अफवाहों ने सबको परेशान कर दिया। अफवाहें उड़ीं कि व्यापारिक संगठनों ने 15 दिन तक सभी बाजार बंद रखने का फैसला लिया है। सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैली इन अफवाहों के बीच …
बरेली,अमृत विचार। जिले में बुधवार को कोरोना के 48 संक्रमित सामने आने के बाद शुक्रवार को शहर में बाजार बंद की अफवाहों ने सबको परेशान कर दिया। अफवाहें उड़ीं कि व्यापारिक संगठनों ने 15 दिन तक सभी बाजार बंद रखने का फैसला लिया है।
सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैली इन अफवाहों के बीच शहर की कई दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जमा हो गई। लोग दुकानदारों से पूछने लगे कि कब से दुकानें बंद हो रही हैं, कितने दिन दुकानें बंद रहेंगी। परेशान कारोबारियों ने भी व्यापार मंडल पदाधिकारियों से जानकारी ली। हालांकि इन सबके बीच शाम को व्यापारिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह महज अफवाह है।
दुकानें सामान्य दिनों की तरह रोस्टर के तहत ही खुलेंगी। व्यापारियों के साथ बैठक कर कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करने और किसी भी कीमत पर दुकान पर भीड़ न लगने देने की अपील की है। -राजेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष, उ.प्र. उद्योग व्यापार मंडल
सोशल मीडिया पर व्यापारिक संगठनों द्वारा 15 दिनों तक बाजार बंद करने की अफवाह से लोग भ्रम में न रहें। शुक्रवार को सभी व्यापार संगठनों की बैठक के बाद सामूहिक निर्णय लिया जाएगा। -शोभित सक्सेना, महानगर अध्यक्ष, उ.प्र. उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल
फोटो-203
बाजार 15 दिन बंद रहेगा, यह महज अफवाह है। प्रशासन अगर सप्ताह में 6 दिन दुकान खोलने की छूट देता तो निश्चित की मामले कम हो जाएंगे। -सुधीश पांडेय, पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल
सोशल मीडिया पर बाजार बंद की अफवाह से शाम को अचानक किराना दुकानों पर भीड़ बढ़ गई। कोरोना के बढ़ते मामलों की रोकथाम को लेकर सुरक्षा जरूरी है, बाजार बंद रहने से तो हालात और बिगड़ जाएंगे। -गुलशन सभरवाल, अध्यक्ष, श्यामगंज किराना एसोसिएशन
कुछ सराफा व्यापारी बंद रखेंगे दुकानें
लगातार कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ने से दहशत में साहूकारा के सराफा व्यापारी दहशत में है। जिसके चलते उन्होंने खुद ही अपनी दुकानें बंद रखने का फैसला किया है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री सुदेश अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने अपने प्रतिष्ठान को बंद करने का स्वयं फैसला लिया है। दूसरी तरफ बरेली सर्राफा वेलफेयर एसोसिएशन के महामंत्री दिनेश अग्रवाल ने भी साहूकारा में स्थित प्रतिष्ठान कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया है।
