उत्तराखंड: बारिश का कहर जारी, पौड़ी में बुजुर्ग महिला समेत दो नेपाली मजदूर बहे
देहरादून, अमृत विचार। इन दिनों प्रदेश के पहाड़ी जिलों में बरसात कहर बरपा रही है। नदी नाले उफान पर हैं। शुक्रवार तड़के पौड़ी में थलीसैण बैजरो के पास एक बुजुर्ग महिला पूर्वी नयार नदी में बह गई। एसडीआरएफ ने महिला का शव बरामद कर लिया है। मृतक बुजुर्ग महिला की पहचान 83 वर्षीय दिक्का देवी …
देहरादून, अमृत विचार। इन दिनों प्रदेश के पहाड़ी जिलों में बरसात कहर बरपा रही है। नदी नाले उफान पर हैं। शुक्रवार तड़के पौड़ी में थलीसैण बैजरो के पास एक बुजुर्ग महिला पूर्वी नयार नदी में बह गई। एसडीआरएफ ने महिला का शव बरामद कर लिया है। मृतक बुजुर्ग महिला की पहचान 83 वर्षीय दिक्का देवी पत्नी गोविंद निवासी रिखाड़, बैजरो जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। वहीं, उत्तरकाशी हर्षिल बगोरी से जसपुर पुराली आ रहे नेपाल मूल के दो मजदूर स्यां गाड़ के उफान की चपेट में आ गए। एक श्रमिक का शव झाला के पास से बरामद किया गया है। जबकि दूसरे श्रमिक की तलाश की जा रही है।
उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग 41 घंटे बाद शुक्रवार सुबह छोटे वाहनों के यातायात के लिए खोल दिया गया। गंगोत्री की ओर फंसे तीर्थ यात्रियों की वाहनों को निकाला गया। लेकिन भूस्खलन का खतरा अभी भी बरकरार है। मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व, क्यूआरटी, बीआरओ के अधिकारी, कर्मचारी तैनात हैं। बता दें कि सुनगर से लेकर गंगोत्री धाम के बीच बुधवार से तीन हजार तीर्थ यात्री फंसे हुए थे। तीर्थयात्रियों के खाने और रहने की समस्या से जूझना पड़ा। चारधाम यात्रा मार्ग पर भी भूस्खलन के कारण बार-बार आवाजाही बाधित हो रही है। गुरुवार को केदारनाथ समेत आसपास की चोटियों में हिमपात से घाटी का तापमान गिर गया।
