उधमसिंह नगर: बाजपुर में नकली मोबिल ऑयल कंपनी पर छापा
उधमसिंह नगर, अमृत विचार। बाजपुर में जानी-मानी कंपनियों के लेबल लगाकर मिलावटी माल की बिक्री के मामले एक के बाद एक सामने आ रहे हैं। दो दिन पहले खराब सीमेंट की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद अब एक मोबिल ऑयल की दुकान पर विभिन्न ऑयल कंपनी के नाम पर मिलावटी माल की बिक्री का ताजा …
उधमसिंह नगर, अमृत विचार। बाजपुर में जानी-मानी कंपनियों के लेबल लगाकर मिलावटी माल की बिक्री के मामले एक के बाद एक सामने आ रहे हैं। दो दिन पहले खराब सीमेंट की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद अब एक मोबिल ऑयल की दुकान पर विभिन्न ऑयल कंपनी के नाम पर मिलावटी माल की बिक्री का ताजा मामला सामने आया है।
कैस्ट्रोल कंपनी के अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने छापेमारी की तो मौके से काफी मात्रा में मोबिल ऑयल के रेपर, खाली डिब्बे, मोबिल से भरे ड्रम, मोबिल ऑयल को डिब्बों में भरने वाली मशीन इत्यादि बरामद हुए हैं। पुलिस ने माल कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कंपनी की ओर से आरोपी दुकानदार के विरुद्ध तहरीर देने की तैयारी की जा रही है। पुलिस के दबिश देने से पहले ही आरोपी दुकानदार मौके से फरार हो गया।
ग्राम पंचायत मुड़िया पिस्तौर के अंतर्गत बाजपुर-दोराहा के मध्य मुख्यमार्ग पर रिलायंस पेट्रोल पंप के नजदीक मुड़िया पिस्तौर निवासी शाकिर पुत्र कादिर ने मोबिल ऑयल की दुकान खोल रखी है और दुकान पर रोलेंज मोटो नामक कंपनी का बोर्ड लगा है। कुछ समय पहले कैस्ट्रोल कंपनी के अधिकारियों को जानकारी मिली कि उनकी कंपनी के रैपर इत्यादि का प्रयोग डिब्बों पर करके शाकिर अपना माल (मोबिल ऑयल) बाजार में धड़ल्ले से बेच रहा है।
कंपनी ने पुलिस से मामले की शिकायत की। शुक्रवार को एसएसआई विक्रम सिंह धामी, दोराहा चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत मय फोर्स के कंपनी के अधिकारियों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से काफी मात्रा में कैस्ट्रोल कंपनी के नाम पर छपे रैपर, प्लास्टिक के खाली डिब्बे, मोबिल से भरे ड्रम आदि बरामद किए। कैस्ट्रोल इंडियन ऑयल दिल्ली के इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर विनोद तिवारी ने बताया कि पिछले कई माह से बाजपुर क्षेत्र में उनकी कंपनी के नाम पर रेपर तैयार कर माल बेचने का शिकायत मिल रही थी, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद दुकान की तस्दीक नहीं हो पा रही थी।
.
