हल्द्वानी: जब्त अवैध खनन घोड़ा बुग्गियों को जबरन छ़डाने पर चार लोग गिरफ्तार
हल्द्वानी, अमृत विचार। वन विभाग के रेंज आफिस से अवैध खनन में जब्त की गई घोड़ा बुग्गियों को जबरन छुड़ाने और वन कर्मियों से मारपीट के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चारों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार देर शाम गौला वन क्षेत्र …
हल्द्वानी, अमृत विचार। वन विभाग के रेंज आफिस से अवैध खनन में जब्त की गई घोड़ा बुग्गियों को जबरन छुड़ाने और वन कर्मियों से मारपीट के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चारों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार देर शाम गौला वन क्षेत्र तराई पूर्वी वन प्रभाग के उपराजिक डिकर राम ने बनभूलपुरा थाने में कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। कहना था कि वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान बागजाला बीट इन्द्रानगर क्षेत्र में ट्रचिंग ग्राउंड के समीप अवैध खनन से भरी घोड़ा बुग्गियों को पकड़ा था। इस दौरान आरोपी मुसीर, शिवान, गुलफाम, नईम और गुलफाम अली निवासी इन्द्रानगर ठोकर छह सात साथियों के साथ रेंज परिसर में आ धमके।
आरोपी ने वन विभाग कर्मियों के साथ गाली गलौज और अभद्रता करनी शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने वन कर्मियों के कब्जे से पांच घोड़ा बुग्गियों को छुड़ा लिया और धमकी देते हुए फरार हो गये। मामले में पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। शनिवार रात पुलिस ने आरोपी शिवान, गुलफाम, अमर अली व मुसीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य अब भी फरार है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
