हल्द्वानी: लेखपाल हड़ताल पर, तहसील में लगे फाइलों के ढेर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। लेखपाल तीन माह से रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर अतिरिक्त सर्किल का कार्यबहिष्कार पर हैं। इस वजह से अतिरिक्त सर्किल में राजस्व संबंधी कामकाज ठप है और तहसील में विभिन्न प्रमाण पत्र, भू संबंधी कार्यों की फाइलों के ढेर लग गए हैं। हल्द्वानी तहसील में लेखपाल के 18 पद …

हल्द्वानी, अमृत विचार। लेखपाल तीन माह से रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर अतिरिक्त सर्किल का कार्यबहिष्कार पर हैं। इस वजह से अतिरिक्त सर्किल में राजस्व संबंधी कामकाज ठप है और तहसील में विभिन्न प्रमाण पत्र, भू संबंधी कार्यों की फाइलों के ढेर लग गए हैं।

हल्द्वानी तहसील में लेखपाल के 18 पद आवंटित हैं। इन पदों के सापेक्ष सिर्फ नौ लेखपाल ही तैनात हैं। ऐसे में एक लेखपाल को आवंटित सर्किल के साथ ही एक अन्य सर्किल का अतिरिक्त जिम्मा दिया गया है। इसको लेकर लेखपाल बीती 30 जून से हड़ताल पर है। सभी लेखपालों ने अतिरिक्त सर्किल का कार्यबहिष्कार कर दिया है।

वे सिर्फ अपने ही आवंटित सर्किल का काम कर रहे हैं। वहीं हल्द्वानी तहसील में रोजाना प्रमाण पत्रों के 150, भूमि विवाद व संशोधन के 10-15, दाखिल खारिज के 40-50 आवेदन आते हैं। इधर, अतिरिक्त सर्किल में काम-काज ठप होने से हल्द्वानी में ही विभिन्न प्रमाण पत्रों, भूमि विवाद, राजस्व अभिलेखों में संशोधन के फाइलों के ढेर लगते जा रहे हैं।

फरियादी तहसील में चप्पलें घिस रहे हैं लेकिन उनका काम नहीं हो पा रहा है हालांकि तहसील प्रशासन इसे सिरे से खारिज कर रहा है। तहसील प्रशासन का दावा है कि कानूनगो, नायब तहसीलदार को अतिरिक्त जिम्मा सौंपा है ताकि  फरियादियों को परेशानी नहीं हो।

जिले में 50 के बजाय नियुक्त हैं 22 लेखपाल 

रामनगर, लालकुआं और कालाढूंगी तहसीलों में भी लेखपालों ने अतिरिक्त सर्किल के कार्यबहिष्कार पर है। नैनीताल जिले में लेखपाल के 50 पद हैं इनके सापेक्ष सिर्फ 22 लेखपाल ही काम कर रहे हैं। इससे लेखपालों पर कामों का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

 

कई वर्षों से तहसील में रिक्त लेखपाल क्षेत्रों को न भरा जा रहा है न ही इनका पुनर्गठन हुआ। अतिरिक्त सर्किल से कार्य की अधिकता से लेखपालों को शारीरिक, मानसिक समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। लेखपालों से मूल के अलावा अतिरिक्त कार्य भी लिए जाते हैं। इस वजह से लेखपाल मूल कार्य भी समय से नहीं कर पा रहे हैं।

तारा चन्द्र घिल्डियाल, जिलाध्यक्ष, उत्तराखंड लेखपाल संघ

 

तहसील में लंबित कार्यों का तेजी से निबटारा किया जा रहा है। लेखपाल जिन सर्किल में काम नहीं कर रहे हैं, वहां-वहां कानूनगो, नायब तहसीलदार और मैं खुद जांच आदि कर रहा हूं। प्रमाण पत्र बनाने से लेकर भूमि विवाद तक सभी कार्यों को समय से किया जा रहा है। कहीं भी कार्यों में देरी नहीं है।

संजय कुमार, तहसीलदार, हल्द्वानी

ये काम करते हैं लेखपाल 

लेखपाल राजस्व अभिलेखों के रखरखाव, भूमि संबंधी विवादों की पड़ताल, प्रमाण पत्रों की पड़ताल, जनगणना, आपदा, निर्वाचन, प्रशासन संबंधी कार्य करते हैं। इसके अतिरिक्त उनसे अन्य विभागों के काम लिए जाते हैं।

संबंधित समाचार