देश में कोरोना के मामले 7.40 लाख के पार, रिकवरी दर 61 फीसदी से अधिक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के मामले 7.40 लाख के आंकड़े को पार हो गए हैं। इस बीच राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 61 फीसदी के पार पहुंच गयी है। देश में मंगलवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 61.50 फीसदी …

नई दिल्ली। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के मामले 7.40 लाख के आंकड़े को पार हो गए हैं। इस बीच राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 61 फीसदी के पार पहुंच गयी है। देश में मंगलवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 61.50 फीसदी पहुंच गयी जबकि मृत्यु दर महज 2.78 प्रतिशत रही।

‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 740131 मामलों की मंगलवार रात तक पुष्टि हो चुकी है जबकि सुबह यह संख्या 719665 थी। अब तक कुल 455191 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 20636 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 264206 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। इन आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि सक्रिय मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या 1.90 लाख से अधिक है।

इससे यह भी साफ है कि देश में अब तक कोरोना वायरस के जितने मरीज आये हैं, उनमें से आधे से अधिक पूरी तरह बीमारी से निजात पा चुके हैं। समय पर कोरोना के संदिग्ध मामलों की जांच और उनका सही तरीके से इलाज की अहम भूमिका रही। देशभर में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 241430 नमूनों की जांच हुई है जिससे अब तक जांच किये गये कुल नमूनों की संख्या एक करोड़ के पार पहुंच गयी है।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक जांच किये गये नमूनों की कुल संख्या बढ़कर 10211092 हो गयी। इस दौरान देश में कोविड-19 की जांच करने वाली लैब की संख्या बढ़कर 1115 हो गयी है।

गौरतलब है कि संक्रमण के मामले में अमेरिका पहले और ब्राजील दूसरे स्थान पर है जबकि भारत रूस को रविवार को पीछे छोड़ तीसरे स्थान पर आ गया। अमेरिका 2948397 कोरोना संक्रमण मामलों के साथ पहले स्थान पर है जबकि 1623284 संक्रमित मामलों के साथ ब्राजील दूसरे स्थान पर है। चौथे स्थान पर स्थित रूस में अब तक कोरोना वायरस संक्रमितों के कुल 694230 मामले सामने आये हैं तथा 10494 लोगों की मौत हुयी है।

यूपी में कोरोना के रिकार्ड 1346 मामले, लखनऊ में 196
उत्तर प्रदेश में टेस्टिंग की रफ्तार बढ़ने के साथ कोरोना संक्रमण का ग्राफ नये कीर्तिमान बना रहा है। पिछले 24 घंटों में राजधानी लखनऊ,गाजियाबाद और नोएडा में संक्रमण के रिकार्ड मामलों से सूबे में कोविड-19 से पीड़ित मरीजों की तादाद 30 हजार का आंकड़ा छूने को है। लखनऊ में एक दिन में कोरोना के 196 नये मामले सामने आये हैं जबकि गाजियाबाद में 149 और नोएडा में 115 संक्रमित मरीज मिले हैं।

इसके साथ ही राज्य में कोरोना के अब तक 29 हजार 968 मामलों की पहचान की जा चुकी है। इस दौरान 827 मरीजों की मौत हुयी है वहीं 19627 मरीज स्वस्थ भी हुये है। इस तरह अभी विभिन्न जिलों के कोविड अस्पतालों में 9514 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोना के रिकार्ड 1346 मामले प्रकाश में आये है जबकि 18 की मौत हुयी है।

संबंधित समाचार