देश में कोरोना के मामले 7.68 लाख के पार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के मामले बुधवार को 7.66 लाख के आंकड़े को पार कर गये लेकिन राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 62 फीसदी से अधिक हो गयी है। देश में आज मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 62.02 फीसदी पहुंच …

नई दिल्ली। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के मामले बुधवार को 7.66 लाख के आंकड़े को पार कर गये लेकिन राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 62 फीसदी से अधिक हो गयी है। देश में आज मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 62.02 फीसदी पहुंच गयी जबकि मृत्यु दर महज 2.75 प्रतिशत रही।

मंगलवार को संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 61.50 फीसदी रही जबकि मृत्यु दर महज 2.78 प्रतिशत रही थी। पिछले एक सप्ताह में मरीजों के स्वस्थ होने की दर में करीब तीन फीसदी का इजाफा हुआ है। ‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 768206 मामलों की आज रात तक पुष्टि हो चुकी है जबकि सुबह यह संख्या 742417 थी।

अब तक कुल 476484 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 21144 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 270478 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। इन आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि सक्रिय मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या दो लाख पांच हजार से अधिक है। इससे यह भी साफ है कि देश में अब तक कोरोना वायरस के जितने मरीज आये हैं, उनमें से आधे से अधिक पूरी तरह बीमारी से निजात पा चुके हैं।

समय पर कोरोना के संदिग्ध मामलों की जांच और उनका सही तरीके से इलाज की अहम भूमिका रही। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 262679 नमूनों की जांच की गयी जिससे अब तक जांच किये गये नमूनों की कुल संख्या बढ़कर 10473771 हो गयी। इस दौरान देश में कोविड-19 की जांच करने वाली लैब की संख्या बढ़कर 1119 हो गयी है।

गौरतलब है कि संक्रमण के मामले में अमेरिका पहले और ब्राजील दूसरे स्थान पर है जबकि भारत रूस को रविवार को पीछे छोड़ तीसरे स्थान पर आ गया।

अमेरिका 3009611 कोरोना संक्रमण मामलों के साथ पहले स्थान पर है जबकि 1668589 संक्रमित मामलों के साथ ब्राजील दूसरे स्थान पर है। चौथे स्थान पर स्थित रूस में अब तक कोरोना वायरस संक्रमितों के कुल  700792 मामले सामने आये हैं तथा 10667 लोगों की मौत हुई है।

संबंधित समाचार