रोशनी से जगमगाया शहर, सड़क और देवी पंडालों में उमड़ी आस्था
अमृत विचार, अयोध्या। जनपद में दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम है। पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठा है। पंडालों में लगी अत्याधुनिक लाइटिंग व शहर की सजावट देखने को लोग उमड़ पड़े हैं। नवरात्र की सप्तमी पर मुख्य पंडालों में विराजमान देवी मूर्तियों से पट्टियां खुलने के बाद अष्टमी पर रात के समय सड़कें श्रद्धालुओं …
अमृत विचार, अयोध्या। जनपद में दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम है। पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठा है। पंडालों में लगी अत्याधुनिक लाइटिंग व शहर की सजावट देखने को लोग उमड़ पड़े हैं। नवरात्र की सप्तमी पर मुख्य पंडालों में विराजमान देवी मूर्तियों से पट्टियां खुलने के बाद अष्टमी पर रात के समय सड़कें श्रद्धालुओं से पटी नजर आईं। दिन भर घर की जिम्मेदारी संभालने वाली महिलाएं भी रात में सखी-सहेलियों के साथ निकलीं। बच्चों के लिए भी शहर की भाव-भंगिमा आकर्षण करने वाली रही। हर आयु वर्ग के लोगों में शहर को निहारने की गजब सी ललक दिखी। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारों का भी आयोजन किया गया है। भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए मुख्य जगहों पर वाहनों को प्रतिबंधित करते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
सोमवार की शाम शहर के हृदयस्थल चौक, नाका, लालबाग में ऐसी भीड़ उमड़ी कि सड़क पर सरसों छींटने तक की जगह नहीं थी। नाका चुंगी पर पंडाल और चौक में माता की मूर्ति को देख हर कोई गदगद हो रहा था। फतेहगंज स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में बनी अमरनाथ गुफा को देखने के लिए दो किलोमीटर लंबी लाइनें देखी गईं। दशहरा मेले में ठेला-खुमचा लगाने वालों की चांदी रही। खिलौनों की दुकान लगाने वाले भी दो साल बाद लौटी बहार से खुश हैं। एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चौक-चौराहों पर ही नहीं बल्कि पंडालों के पास भी पुलिस बल तैनात किया गया है। मंगलवार को नवमी के दिन भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। संदिग्धों, शरारती तत्वों और हुड़दंगियों पर खास नजर रखी जा रही है।
बंद रहेंगी शराब की दुकानें
जनपद की मुख्य स्थानों की दुर्गा प्रतिमाएं विसर्जन के लिए राजकीय इंटर कॉलेज में 4 अक्टूबर 11 बजे से एकत्र होना शुरू होंगी। मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा 5 अक्टूबर को सुबह लगभग 11 बजे से राजकीय इण्टर कालेज अयोध्या से निकलकर निर्मलीकुण्ड तक जाएंगी। विसर्जन के दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत मादक वस्तुओं की बिक्री को प्रतिबन्धित कर दिया गया है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि 4 अक्टूबर को रात्रि 10 बजे से 5 अक्टूबर रात्रि 10 बजे तक शराब की दुकानें पूर्णतया बंद रहेंगी।
सीएचसी और पीएचसी भी अलर्ट पर
दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर मंडल चिकित्सालय समेत सीएचसी पीएचसी को अलर्ट पर रखा गया है। इसे लेकर सीएमओ की ओर से सभी प्रभारियों को आदेश दिए गए हैं। इमरजेंसी सेवाओं को 24 घंटे सुचारू और जीवन रक्षक औषधियों से लैस रखने के निर्देश दिए गए हैं। हर सीएचसी-पीएचसी पर दस बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा सभी प्रभारियों को अपने अस्पताल में ही मौजूद रहने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें… डीबीटी से लाभान्वित छात्रों की अब फोटो करनी होगी अपलोड
