बागेश्वर: शंभू नदी में मलबा गिरने से झील बनने की आशंका
बागेश्वर, अमृत विचार। जिले में गुरुवार की रात से लगातार वर्षा हो रही है। शुक्रवार को भी यह सिलसिला दिन भर जारी है। वर्षा से सबसे अधिक परेशानी किसानों को उठानी पड़ रही है। इन दिनों धान और घास कटाई का काम चल रहा है। जिसके कारण पराली खेतों में सड़ने लगी है। कुंवारी में …
बागेश्वर, अमृत विचार। जिले में गुरुवार की रात से लगातार वर्षा हो रही है। शुक्रवार को भी यह सिलसिला दिन भर जारी है। वर्षा से सबसे अधिक परेशानी किसानों को उठानी पड़ रही है।
इन दिनों धान और घास कटाई का काम चल रहा है। जिसके कारण पराली खेतों में सड़ने लगी है। कुंवारी में भूस्खलन बढ़ गया है। वन विभाग की तरफ से इंटरनेट मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ है। शंभू नदी में मलबा गिरने से झील बनने की आशंका प्रबल हो गई है।
कुंवारी गांव में भूस्खलन तेज हो गया है। शंभू नदी में मलबा गिर रहा है। वन विभाग की टीम ने गांव का दौरा किया। एक वीडियो भेजकर गांव की स्थिति बयां की है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में वन कर्मियों का कहना है कि कुंवारी गांव के घर ध्वस्त हुए हैं। लगातार भूस्खलन से शंभू नदी में भारी मात्रा में मलबा गिर रहा है। गाद और मलबा एक साथ बहा तो नदी का जलस्तर बढ़ सकता है।
तहसील प्रशासन निगरानी कर रहा है। सिंचाई विभाग भी नजर रखे हुए है। कुंवारी के लोगों के विस्थापन को लेकर कार्रवाई चल रही है। कुछ लोगों का विस्थापन हो गया है। शंभू नदी में कुछ दिन पूर्व मलबा हटाया गया था। इंटरनेट पर जारी वीडियो की उन्हें जानकारी नहीं है।
-मोनिका, प्रभारी एसडीएम, कपकोट
