काशीपुर: मानपुर रोड पर सीसीटीवी में फिर कैद हुआ तेंदुए का जोड़ा, दहशत बढ़ी
काशीपुर, अमृत विचार। मानपुर रोड स्थित एक कॉलोनी में देर रात तेंदुए का जोड़ा फिर से दिखने से कॉलोनीवासी दहशत में हैं। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। दरअसल आसपास के क्षेत्र में तेंदुआ की दस्तक थमने का नाम नहीं ले रही है। पिछले डेढ़ माह …
काशीपुर, अमृत विचार। मानपुर रोड स्थित एक कॉलोनी में देर रात तेंदुए का जोड़ा फिर से दिखने से कॉलोनीवासी दहशत में हैं। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।
दरअसल आसपास के क्षेत्र में तेंदुआ की दस्तक थमने का नाम नहीं ले रही है। पिछले डेढ़ माह पूर्व क्षेत्र में तेंदुआ मवेशियों को निवाला बना चुका है। वन विभाग ने मानपुर रोड पर पिंजरे लगाए थे। कई दिन बाद पिंजरे में तेंदुआ कैद होने पर लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन दो दिन पहले कुंडा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर क़िलावाली के रहने वाले रामकुमार की दो गाय पर हमला कर घायल कर दिया था। सोमवार की देर रात तेंदुआ काशीपुर में फिर से चहल कदमी करते देखा गया।
मानपुर रोड स्थित यादव कॉलोनी गुरुनानक राइस मिल के पास रहने वाले सीताराम भल्ला के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी फुटेज में दो तेंदुए का जोड़ा घूमते हुए साफ देखा जा सकता है। जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा भी वन विभाग से काशीपुर तथा आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की दहशत से लोगों को निजात दिलाने की मांग कर चुके हैं।
