काशीपुर: दबंगई दिखाते हुए ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख के घर में घुसी थी यूपी एसओजी, पढ़िए पूरी खबर विस्तार से…
काशीपुर, अमृत विचार। बिना वर्दी और बिना सरकारी वाहन के आई उत्तर प्रदेश की एसओजी टीम दबंगई दिखाते हुए ज्येष्ट ब्लॉक प्रमुख के घर में घुस गई। रोकने का प्रयास करने पर एसओजी टीम ने गोली चला दी। गोली ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख की पत्नी को लगने के बाद भी परिजन को इसकी भनक नहीं लग …
काशीपुर, अमृत विचार। बिना वर्दी और बिना सरकारी वाहन के आई उत्तर प्रदेश की एसओजी टीम दबंगई दिखाते हुए ज्येष्ट ब्लॉक प्रमुख के घर में घुस गई। रोकने का प्रयास करने पर एसओजी टीम ने गोली चला दी। गोली ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख की पत्नी को लगने के बाद भी परिजन को इसकी भनक नहीं लग पाई। परिजनों को टीम के जाने के बाद हत्या की जानकारी हुई।
यूपी की एसओजी टीम को इनामी जफर की लोकेशन कुंडा थाने के ग्राम भरतपुर में ज्येष्ठ प्रमुख गुरताज भुल्लर के फार्म हाउस की मिली। लोकेशन मिलने पर एसओजी सरकारी असलहों के साथ बिना वर्दी प्राइवेट वाहनों से वहां पहुंच गई।
इसकी कोई जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई। यदि स्थानीय पुलिस साथ होती तो शायद इस तरह की घटना होने से बच जाती। वहीं इनामी जफर भी मौके पर नहीं मिला। यदि जफर वहां था तो पकड़ा क्यों नहीं गया, यदि नहीं था तो पुलिस को क्यों गोली चलानी पड़ी। फायरिंग की सूचना पर कुंडा थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो और बड़ा हादसा हो सकता था।
यूपी पुलिस की दबंगई भी सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि मौके पर पुलिस को दो पिस्टल के साथ तीन खाली कारतूस भी मिले हैं। मौके पर मिली पिस्टल यूपी पुलिस की बताई जा रही है।
अस्पताल में भी दिखाई दबंगई, बल प्रयोग कर भागे
काशीपुर। ज्येष्ठ प्रमुख के घर ही नहीं बल्कि अस्पताल में भी यूपी पुलिस की दबंगई जारी रही। घायल होने के बाद स्थानीय पुलिस ने एसओजी के चार जवानों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां भी एसओजी ने अपनी दबंगई जारी रखी। मौके पर स्थानीय पुलिस का एक ही सिपाही होने के कारण आरोपी बल प्रयोग कर अस्पताल से फरार हो गए। सूचना पर आरोपियों को पकड़ने के लिए सूर्या चौकी में बैरियर लगाया गया। वहां तैनात सिपाही ने जब आरोपियों का वाहन रोकने के प्रयास किया तो यहां भी एसओजी के सिपाही दबंगई दिखाते हुए सिपाही को धक्का देकर और बैरियर तोड़कर ही फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों के साथ आरोपियों ने सरकारी अस्पताल से सूर्या चौकी के बीच कई अन्य स्थानों पर अपनी पूरी दबंगई दिखाई। अधिकारियों के अनुसार आरोपी शराब के नशे में थे।
पूरा प्रशासनिक अमला काशीपुर में जुटा
काशीपुर। ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख की पत्नी गोली लगने से मौत होने के बाद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर करीब सात बजे से कुंडा थाने के सामने हाईवे जाम कर दिया था। सूचना पर डीआईजी नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी मंजूनाथ टीसी से लेकर क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी डेरा डाले हुए हैं। इसके अलावा भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार, जसपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय, पूर्व सांसद बलराज पासी, भाजपा नेता दीपक बाली, सिख संगत के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व विधायक ठाकुरद्वारा विजय यादव समेत भाजपा नेताओं मौजूद रहे।
दोपहर बाद हुआ अंतिम संस्कार
काशीपुर। मृतका गुरप्रीत कौर के शव का पोस्टमार्टम गुरुवार की सुबह ही डॉ. हर्षपाल सिंह चंडोक और डॉ. गोविंदर सिंह के पैनल ने किया। जिसमें एक गोली दायीं से बायीं साइड हो होते हुए आर-पार होने का खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम में करीब ढाई घंटे का समय लगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव को लेकर घर पहुंचे। जहां लोगों के दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान लोगों का तांता लगा रहा। घर के बाहर भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही। पुलिस ने कुंडा चौराहा पर भरतपुर गांव मार्ग पर बेरिकेडिंग लगा दी गई। दोपहर को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच शव का अंतिम संस्कार किया गया।
मैं इस घटना की निंदा करता हूं। हम मृतक परिवार के साथ खड़े हैं। यूपी पुलिस ने यदि कुंडा थाने में आमद नहीं कराया है तो यह बहुत बड़ी गलती है। नियम यही है कि आमद कराकर स्थानीय पुलिस को लेकर आना चाहिए। यदि पुलिस संयम से काम करती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती। मुरादाबाद के आला अधिकारी ठाकुरद्वारा में जमे हुए हैं। पुलिस फोर्स तैनात है।
-विजय यादव, पूर्व विधायक, ठाकुरद्वारा
ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख गुरताज भुल्लर की पत्नी की गोली लगने से मौत हुई है। इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थानीय पुलिस पूरा सहयोग कर रही है।
-अरविंद पांडेय, पूर्व कैबिनेट मंत्री
कुंडा थाने में तैनात ड्राइवर ने चार घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां बिना सूचना जीडी एंट्री के चले गए हैं। सूर्या चौकी पर रोकने का प्रयास किया, लेकिन वहां पर भी नहीं रुके। इस संबंध में डीआईजी मुरादाबाद को भी अवगत करा दिया गया है। पीड़ित की तरफ से 10-12 अज्ञात के खिलाफ धारा 302, 452,147, 504, 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए कोतवाल काशीपुर मनोज रतूड़ी के नेतृत्व में एसओजी, टेक्निकल टीम, डॉग स्क्वायड, सर्विलांस की छह टीमें लगाई गई है। एसटीएफ से भी सहयोग मांगा गया है। यूपी पुलिस भी सहयोग कर रही है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
-नीलेश आनंद भरणे, डीआईजी, कुमाऊं
बुनियादी नियमों की उड़ाई यूपी पुलिस ने धज्जियां: डीआईजी
काशीपुर। ठाकुरद्वारा पुलिस पर गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का डीआईजी कुमाऊं ने बुनियादी नियमों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है। कुंडा थाने के भरतपुर गांव में बुधवार शाम उप्र पुलिस सादी वर्दी में 50 हजार के इनामी बदमाश जफर को पकड़ने आई थी। घटना में फायरिंग के दौरान ज्येष्ठ उप प्रमुख की पत्नी गुरप्रीत की मौत हो गई। वहीं घटना के बाद स्थानीय पुलिस का सहयोग करते हुए ग्रामीणों ने घायल उप्र पुलिस कर्मियों को सौंप दिया था। इलाज के लिए तीन पुलिस कर्मियों को सरकारी अस्पताल लाया गया। ये तीनों वहां तैनात पुलिस कर्मी को चकमा देकर फरार हो गए। इसकी सूचना जब सूर्या चौकी को लगी तो वहां भी इन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन सिपाही को धक्का देकर बैरियर तोड़कर भाग गए। गुरुवार को भरतपुर गांव पहुंचे डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने उप्र पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी पुलिसिंग कहीं से जायज नहीं हैं। रात में दबिश देने में बुनियादी नियमों का पालन करना जरूरी होता है। दबिश देने आई टीम सादी वर्दी में थी। कोई आई कार्ड नहीं था और घर में घुसकर फायरिंग की गई है। महिलाओं के घर में होने के बावजूद अंदर घुसकर फायरिंग करना कहीं से उचित नहीं ठहराया जा सकता। मामले में ज्येष्ठ उप प्रमुख गुरताज भुल्लर की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
