हमीरपुर: दाल का कटोरा कहा जाने वाला बुंदेलखंड खरीफ में भारी बारिश से रह गया खाली
अमृत विचार, हमीरपुर। दाल का कटोरा कहा जाने वाला बुंदेलखंड में इस वर्ष खरीफ की फसल में उड़द, मूंग व तिल की सत्तर फीसदी फसल बरसात में नष्ट हो चुकी है, इससे जिले में दलहन की करीब 50 हजार हेक्टेयर फसल नष्ट होने अनुमान है। शुरुआती सर्वे में करीब आठ हजार किसान प्रभावित हुए हैं। …
अमृत विचार, हमीरपुर। दाल का कटोरा कहा जाने वाला बुंदेलखंड में इस वर्ष खरीफ की फसल में उड़द, मूंग व तिल की सत्तर फीसदी फसल बरसात में नष्ट हो चुकी है, इससे जिले में दलहन की करीब 50 हजार हेक्टेयर फसल नष्ट होने अनुमान है। शुरुआती सर्वे में करीब आठ हजार किसान प्रभावित हुए हैं। बीमा कंपनी ने फसल नुकसान का सर्वे कार्य पूरा कर लिया है। बीमा कंपनी ने फिलहाल 19 करोड़ की फसल नष्ट होने का दावा किया है।
उपकृषि निदेशक (डीडी) हरीशंकर भार्गव ने बताया कि बुंदेलखंड पूरे उत्तर प्रदेश के लिए दाल की आपूर्ति करता था, इसीलिए इसे दाल का कटोरा कहा जाता है, इस साल किसानों ने दो लाख हेक्टेयर भूमि में खरीफ की फसल की बुवाई की थी, जिसमें सबसे ज्यादा भूभाग में दलहन उड़द, मूंग, तिल की फसल बोई गई। मानसूनी बरसात में विलंब के कारण खरीफ फसल की बुवाई देर से हुई थी। जो फसल बाई गई उसमें इतनी ज्यादा बरसात हुई कि नष्ट होने की कगार में आ गई है।
उन्होंने बताया कि इस साल 52,300 किसानों ने फसली ऋण लिया है, ऐसे किसान बीमा की श्रेणी में आते हैं। बताया जिले में खरीफ फसल में 62,769 किसानों प्रीमियम जमा किया है, यूनीवर्सल सोम्यो इंश्योरेंस कंपनी को बीमा का कृषक अंश दो करोड़ 91 लाख 97 हजार रुपये पहुंचा है। वहीं बीमा कंपनी को केंद्र सरकार का नौ करोड़ 50 लाख 13 हजार व राज्यांश की भी इतनी धनराशि प्राप्त होगी। इधर बीमा कंपनी के जिला समन्यवक (डीसी) सौरभ तिवारी ने बताया कि उड़द फसल में एक हेक्टेयर में 26,539 रुपये, मूंग में 28,905 रुपये, तिल में एक हेक्टेयर में 14,332 रुपये की क्षतिपूर्ति दी जाएगी।
बताया कि फिलहाल 32 हजार किसानों को 19 करोड़ रुपये की बीमा राशि वितरित की जाएगी। अन्य किसानों से दावे मांगे गए हैं। किसान बलराम दादी, अनन्ता सिंह ने बताया कि यह पहला मौका है जब खरीफ में किसानों को भारी क्षति उठानी पड़ी है। आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ प्रियेश रंजन मालवीय का कहना है कि बारिश से फसल नष्ट होने पर शासन से आई धनराशि वितरित की जा रही है। दो करोड़ रुपये और मांगा गया है। बीमा की धनराशि कंपनी अलग से देगी।
यह भी पढ़ें:-हमीरपुर: सामान लेने आई किशोरी से दुकानदार ने की छेड़खानी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
