रुद्रपुर: कैबिनेट मंत्री हत्या की साजिश के जांच को पहुंची देहरादून की एसआईटी
रुद्रपुर, अमृत विचार। सितारगंज विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की हत्या की साजिश रचने के प्रकरण को लेकर प्रदेश की धामी सरकार बेहद गंभीर है। यहीं कारण है कि ऊधमसिंह नगर की गठित एसआईटी की तफ्तीश को अब देहरादून की स्पेशल एसआईटी के हवाले कर दिया है। जिसके बाद देहरादून की गठित एसआईटी के …
रुद्रपुर, अमृत विचार। सितारगंज विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की हत्या की साजिश रचने के प्रकरण को लेकर प्रदेश की धामी सरकार बेहद गंभीर है। यहीं कारण है कि ऊधमसिंह नगर की गठित एसआईटी की तफ्तीश को अब देहरादून की स्पेशल एसआईटी के हवाले कर दिया है।
जिसके बाद देहरादून की गठित एसआईटी के अधिकारियों ने पुलिस कार्यालय आकर एसएसपी से मुलाकात की और साजिश प्रकरण को लेकर अहम जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि एसआईटी ने ऊधमसिंह नगर की एसआईटी द्वारा की गई अब तक की जांच रिपोर्ट को प्राप्त कर लिया है। इसके बाद जिले की पुलिस एसआईटी को पूरा सहयोग करने का आदेश भी एसएसपी द्वारा दिया गया।
बताते चलें कि विगत दिनों सितारगंज पुलिस ने वहीं के रहने वाले एक खनन कारोबारी हीरा सिंह सहित चार लोगों को कैबिनेट मंत्री बहुगुणा की हत्या करने की साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसके बाद एसएसपी मंजूनाथ टीसी द्वारा एसओजी, एसटीएफ सहित तेजतर्रार दारोगाओं की एक टीम बनाकर एसआईटी का गठन किया था, लेकिन प्रदेश की धामी सरकार ने प्रकरण की जांच को एक विशेष एसआईटी का गठन किया था। शुक्रवार को देहरादून एसआईटी के अधिकारी पुलिस कार्यालय पहुंचे और एसएसपी से मुलाकात कर मामले से संबंधित जानकारी ली।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि गठित एसआईटी के एसपी स्वप्न किशोर सिंह और सीओ स्तर के सुमित पांडे को अब तक की जांच रिपोर्ट मुहैया करा दी है। इसके अलावा पुलिस की रडार पर अभी कई लोग थे। उसकी भी जानकारी एसआईटी को दी गई है। इसके अलावा जिले के सभी थाना, चौकी व कोतवाली प्रभारियों के अलावा क्षेत्राधिकारियों को एसआईटी को पूर्ण सहयोग करने आदेश जारी किया गया है।
