टनकपुर: धामी ने किया 84.17 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर/चम्पावत अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कहा कि राज्य में सभी रिक्त पदों पर जल्दी से जल्दी भर्तियां करवाई जाएंगी। विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 19 हजार पदों को भी जल्द ही भरा जाएगा, साथ ही शर्तो एवं औपचारिकता के साथ कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने टनकपुर, चम्पावत स्थित …

टनकपुर/चम्पावत अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कहा कि राज्य में सभी रिक्त पदों पर जल्दी से जल्दी भर्तियां करवाई जाएंगी। विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 19 हजार पदों को भी जल्द ही भरा जाएगा, साथ ही शर्तो एवं औपचारिकता के साथ कार्यवाही की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने टनकपुर, चम्पावत स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान में जिला प्रशासन एवं सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रोजगार मेले का उद्घाटन कर कॉलेज में मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत निर्मित लाइब्रेरी प्रयोगशाला एवं स्मार्ट कक्षा का लोकार्पण किया।

साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले की दोनों विधानसभाओं चम्पावत व लोहाघाट के अंतर्गत लगभग 84.17 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जहां एक ओर निजी क्षेत्र में रोजगार देने का कार्य कर रही है। वहीं, सरकारी विभागों में नौकरी हेतु उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा आगामी भर्ती हेतु कैलेंडर भी जारी कर दिया गया है।

कहा कि लंबे समय से उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) में चल रही गड़बड़ियों को सरकार ने गंभीरता से लिया है। प्रतियोगी परीक्षाओं में अब किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यूकेएसएसएससी प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी की जांच सरकार द्वारा एसटीएफ और विजिलेंस से कराई जा रही है।

अब तक उनके द्वारा 45 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाते हुए कहा कि कि जब तक अंतिम आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक यह जांच चलती रहेगी। सीएम धामी ने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को रोजगार प्राप्त हो रहा है, राज्य सरकार युवा हितों के लिए पूर्ण रूप से कटिबद्ध है।

संबंधित समाचार