अयोध्या: शहर में सड़क की पटरियों पर फिर पसरा कारोबार
अयोध्या, अमृत विचार। अगर आप बेफिक्री के आलम में बाइक या चार पहिया वाहन से चौक, बजाजा और रिकाबगंज आना – जाना चाहते हैं तो सतर्क होकर जाइए। यहां आपको सड़क अतिक्रमण से कराहती मिलेगी, इन क्षेत्रों की सड़क पटरियों पर फिर कब्जा हो चुका है। कहीं बाइकें खड़ी मिल जायेगी तो कहीं फुटपाथ पार …
अयोध्या, अमृत विचार। अगर आप बेफिक्री के आलम में बाइक या चार पहिया वाहन से चौक, बजाजा और रिकाबगंज आना – जाना चाहते हैं तो सतर्क होकर जाइए। यहां आपको सड़क अतिक्रमण से कराहती मिलेगी, इन क्षेत्रों की सड़क पटरियों पर फिर कब्जा हो चुका है। कहीं बाइकें खड़ी मिल जायेगी तो कहीं फुटपाथ पार कर सड़क तक दुकानें। आप जाम में फंसे या किसी हादसे का शिकार हो, जिम्मेदारों की बला से।
याद दिला दें मुख्यमंत्री ने जून में सड़कों से अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे, तब प्रशासन ऐसी कमर कस कर निकला कि पूरा शहर चकाचक कर देगा। आनन – फानन में आला अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ बैठक कर वन – वे ट्रैफिक व्यवस्था भी लागू कर दी थी। करीब महीने भर तो सब ठीक चला लेकिन अब सारी व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अब फिर सब पहले जैसा हो गया है। चौक हो या बजाजा रोड, बाइक और चार पहिया तो अलग पैदल चलना तक दूभर है। चौक से हटाया गया अतिक्रमण ठेले, पटरी की दुकानें सड़क तक फैल गईं हैं।
चौक से बजाजा होते हुए फतेहगंज तक जाने वाले मार्ग की हालत यह है कि पहले से ज्यादा अतिक्रमण सड़क तक हो गया है, सड़क है भी या नहीं पता नहीं चलता। तीन दरे से बजाजा की ओर दाखिल होते ही सड़क बाइक स्टैंड में तब्दील हो गई है। दोनों ओर से आना-जाना जारी है नतीजा घंटों जाम। यही हाल चौक से रिकाबगंज रोड का है, दुकानदारों ने कुछ दिन सामान और वाहन समेटे रखे, प्रशासन का लचर रुख देख फिर सड़क तक पसर गए। गुदड़ीबाजार से चौक जाने वाले मार्ग पर यातायात पुलिस ने नाम का बैरियर लगा रखा है, दोनों ओर से आवाजाही बदस्तूर जारी है।
अब तो हाल यह है कि नियांवा गुदड़ीबाजार रोड पर बड़े – बड़े व्यवसायिक काम्प्लेक्स और मार्केट हो जाने से इस पर भी जाम लगने लगा है। यातायात पुलिस सभी चौराहों पर तैनात रहती है लेकिन गाल बजाने के सिवा कोई काम नहीं करती। फतेहगंज, महिला अस्पताल रोड, हनुमानगढ़ी रिकाबगंज और मकबरा व नाका चौराहे रोड का भी यही हाल है। चंद दिनों के लिए हटा अतिक्रमण फिर फैल गया है।
पार्किंग जोन बनाने की योजना अभी कागज में
शहर में घने क्षेत्रों में पार्किंग जोन बनाने की योजना भी ठंडे बस्ते में है। चौक में विकास प्राधिकरण के पुराने दफ्तर के निकट पार्किंग जोन तय किया गया था लेकिन उस पर भी अमल नहीं हुआ। अयोध्या विकास प्राधिकरण को कमिश्नर नवदीप रिनवा ने जिम्मेदारी सौंपी थी लेकिन उसने भी आदेश पर अमल नहीं किया। नतीजा जहां के तहां लोग गाड़ी खड़ी करने के लिए मजबूर होतें हैं।
रीडगंज चौराहे से अभी भी लागू वन – वे
पूरे शहर में केवल रीडगंज चौराहे से ही वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू है। चौराहे पर पुलिस पोस्ट के चलते रीडगंज से चौक चार पहिया और ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित है। शेष चौराहों पर अब व्यवस्था समाप्त हो चुकी है।
बोले जिम्मेदार
प्रशासन और स्थानीय पुलिस द्वारा अभियान चलाया जाता रहता है। निश्चित रूप से सड़क तक अतिक्रमण के कारण जाम लगता है। पुन: अभियान चला कर अतिक्रमण हटाया जायेगा।
अभिमन्यु शुक्ला, यातायात निरीक्षक
ये भी पढ़ें-मुरादाबाद : ‘आम आदमी पार्टी से डरती है भाजपा इसलिए…’, राशिद सैफी ने बीजेपी पर बोला तीखा हमला
