बाजपुर: मरम्मत के बाद रेलवे पुल शुरू, पुल से गुजरीं आठ ट्रेन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। कोसी नदी पर स्थापित रेलवे पुल के पिलर की मरम्मत के पश्चात ट्रेनों के गुजरने का क्रम शुरू हो गया है जिसमें रविवार को आठ ट्रेनों को रेलवे पुल के ऊपर से गुजारा गया। पिछले छह दिन से इस पुल के ऊपर से ट्रेनों के आवागमन बंद था। पर्वतीय इलाकों में बारिश …

बाजपुर, अमृत विचार। कोसी नदी पर स्थापित रेलवे पुल के पिलर की मरम्मत के पश्चात ट्रेनों के गुजरने का क्रम शुरू हो गया है जिसमें रविवार को आठ ट्रेनों को रेलवे पुल के ऊपर से गुजारा गया। पिछले छह दिन से इस पुल के ऊपर से ट्रेनों के आवागमन बंद था।

पर्वतीय इलाकों में बारिश के चलते क्षेत्र की कोसी नदी में अत्यधिक पानी बढ़ने के कारण इस नदी पर बने रेलवे पुल संख्या-104 के काशीपुर साइट के पिलर नंबर-दो, तीन व चार पर बनी पत्थरों की पिचिंग तेज पानी के बहाव में बह गई थी जिससे पुल को खतरा उत्पन्न हो गया और पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए रेलवे विभाग के हाथ-पैर फूल गए थे और विभाग ने 11 अक्टूबर से इस मार्ग की सभी ट्रेनों का आवागमन रोक दिया था।

वहीं 12 अक्टूबर को मंडल रेल प्रबंधक इज्जत नगर आशुतोष पंत, अपर प्रबंधक राजीव अग्रवाल तथा इज्जत नगर सेक्शन इंजीनियर अरुण कुमार आदि की टीम ने पुल का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली। प्रबंधक आशुतोष पंत ने वहां मौजूद आला अधिकारियों को पुल को शीघ्र पूर्ण रूप से दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे जिसके चलते पिलरों के मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया गया। इन पिलरों के चारों तरफ मालगाड़ी के जरिये पत्थरों की मोटी परत चढ़ाई गई है। मरम्मत कार्य पूर्ण होने के पश्चात रविवार से पुल पर रेलगाड़ियों का आवागमन प्रारंभ कर दिया गया है।

संबंधित समाचार