बरेली: संजय नगर में 10 दिन से घरों में भरा पानी, निगम नहीं करा पाया काम
बरेली, अमृत विचार। बिन मौसम हुई बरसात ने संजय नगर की ओर जबरन जुड़वाए गए नाले से उपजी समस्या के साथ संपवेल के ठेके की व्यवस्था की पोल खोल दी है। ठेकेदार ने संपवेल के रखरखाव की जो जिम्मेदारी ली थी, उसे सही से नहीं निभा पाने की बात सामने आ गई है। अब अधिकारी और …
बरेली, अमृत विचार। बिन मौसम हुई बरसात ने संजय नगर की ओर जबरन जुड़वाए गए नाले से उपजी समस्या के साथ संपवेल के ठेके की व्यवस्था की पोल खोल दी है। ठेकेदार ने संपवेल के रखरखाव की जो जिम्मेदारी ली थी, उसे सही से नहीं निभा पाने की बात सामने आ गई है। अब अधिकारी और ठेकेदार एक दूसरे पर जिम्मेदारी थोप रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर नगर आयुक्त ने दो बार क्षेत्र का दौरा किया, लेकिन समस्या अभी तक हल नहीं हो सकी है।
ये भी पढ़ें- बरेली: मेयर ने समस्याओं से निजात दिलाने का दिया आश्वासन
बरसात के बाद संजय नगर में दस दिन से लोगों के घरों में पानी भरा है। यहां के लोग जलभराव से ज्यादा घरों में पानी और शौचालय का उपयोग नहीं कर पाने से परेशान हैं। दो दिन पहले यहां संपवेल की मोटरों को ठीक कराने का काम शुरू किया गया। उस दौरान जीएम जल ने कहा कि रात तक फाल्ट दुरुस्त हो जाएगा और दिन में समस्या हल हो जाएगी, मगर दो दिन बाद भी समस्या हल नहीं हुई। रविवार रात जीएम से समस्या के बारे में जानकारी की तो उन्होंने फिर कहा कि सुबह समस्या हल हो गई है।
पार्षद वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि संजय नगर की ओर मोड़े गए नाले को बंद करके समस्या हल करने का प्रयास किया गया तो लोग इसलिए भड़क गए कि उनके घरों में पानी भरेगा। उन्हें समझाकर शांत कराया तो काम शुरू हो पाया। रात में मशीन आने की बात कही गई है। बताया कि सुबह जीएम जल और अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने क्षेत्र का दौरा किया। उस समय कुछ पानी निकलने लगा लेकिन फिर बंद हो गया।
शाम को अपर नगर आयुक्त ने फिर क्षेत्र का दौरा किया। लोगों ने बताया कि संपवेल की मोटर खराब हो चुकी हैं। अलीगढ़ के ठेकेदार ने संपवेल की देखरेख करने और सफाई करने का ठेका लिया था, लेकिन उन्होंने कुछ किया नहीं। पार्षद का कहना है कि सोमवार को समस्या दुरुस्त हो पाए, इसका भी कोई पक्का नहीं है।
ये भी पढ़ें- बरेली: बाइक से छिटककर दो साल का मासूम सड़क पर गिरा, ट्रक ने कुचला
