रिलायंस जियो में 34 हजार करोड़ का निवेश करेगा गूगल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली, संजय सिंह। गूगल रिलायंस इंडस्ट्रीज के जियो प्लेटफार्म में 33, 737 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। इसी के साथ भारत सरकार की डिजिटल इंडिया की मुहिम को समर्थन देने के लिए दोनों कंपनियां मिलकर भारतीय उपभोक्ताओं के लिए एक एंट्री लेवल के किफायती 4जी और 5जी स्मार्टफोन विकसित करेंगी। रिलायंस ने स्वदेशी स्तर …

नई दिल्ली, संजय सिंह। गूगल रिलायंस इंडस्ट्रीज के जियो प्लेटफार्म में 33, 737 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। इसी के साथ भारत सरकार की डिजिटल इंडिया की मुहिम को समर्थन देने के लिए दोनों कंपनियां मिलकर भारतीय उपभोक्ताओं के लिए एक एंट्री लेवल के किफायती 4जी और 5जी स्मार्टफोन विकसित करेंगी।

रिलायंस ने स्वदेशी स्तर पर एक संपूर्ण 5जी समाधान भी हासिल करने की घोषणा भी की है, जिसे अगले वर्ष लांच किया जाएगा। जियो खुद की बौद्धिक संपदा भी तैयार करेगा।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की ओर से चेयरमैन व एमडी मुकेश अंबानी ने कंपनी की 43 वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में बुधवार को गूगल के साथ सौदे का ऐलान किया गया। इस निवेश के साथ गूगल की जियो प्लेटफार्म में 7.73 फीसद की हिस्सेदार हो जाएगी।

जबकि इससे रिलायंस इंडस्ट्रीज के जियो प्लेटफार्म की कुल इक्विटी वैल्यू बढ़कर 4.36 लाख करोड़ रुपये के बराबर हो जाएगी। साथ ही गूगल के इस निवेश को मिलाकर जियो प्लेटफार्म में वित्तीय संस्थाओं तथा रणनीतिक निवेशकों का कुल निवेश 1,52,056 करोड़ रुपये हो जाएगा। इन निवेशकों में फेसबुक, इंटेल, क्वालकॉम तथा गूगल जैसी विश्व की दिग्गज कंपनियां शामिल हैं।

गूगल और रिलायंस जियो का ये गठजोड़ भारत के डिजिटलीकरण अभियान को नई रफ्तार देगा और इससे देश के मौजूदा 50 करोड़ इंटरनेट ग्राहकों की संख्या को बढ़ाने तथा इंटरनेट की पहुंच सभी 130 करोड़ देशवासियों तक सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। दोनों कंपनियों द्वारा विकसित किया जाने वाला सस्ता स्मार्टफोन इसमें विशेष रूप से सहायक साबित होगा जिसे एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम और प्ले स्टोर की ताकत मिलेगी।

वैसे तो जियो अब तक 10 करोड़ से ज्यादा जियो फोन देश में बेच चुकी है। लेकिन ये आम आदमी के लिहाज से महंगे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने सौदे पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि गूगल ने भारत में इंटरनेट की पहुँच और ताकत को बढ़ाकर अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसलिए इस साझेदारी से रिलायंस ही नहीं देश को लाभ होगा।

उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल विज़न का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि इसी के साथ रिलायंस जियो में राइट्स इश्यू और बीपी को मिलाकर कुल 2,12,809 करोड़ का निवेश हो चुका है। भारत के सबसे और विश्व के छठे सबसे बड़े अमीर अंबानी ने कहा कि अगले 3 सालों में उन्हें जियो के 50 करोड़ ग्राहक हो जाने की उम्मीद है।

उन्होंने रिटेल व्यवसाय के तहत जियो ग्लास, जियो टीवी के अलावा हेल्थकेयर और शिक्षा संबन्धी ऐप लांच करने का ऐलान किया। इसमें जियो ग्लास 25 एप्लीकेशन को सपोर्ट करेगा। मुकेश ने कहा उनका इरादा देश के उत्पादकों, ग्राहकों तथा किराना दुकानदारों को आपस में जोड़ने का है। उन्होंने स्टार्टअप कंपनियों को जियो के साथ काम करने के लिए आमंत्रित किया। सऊदी अरब की तेल कंपनी अरामको के साथ सौदे के बारे में उनका कहना था कि वो पूर्व योजना के मुताबिक आगे नहीं बढ़ सका है।

रिलायंस जियो के साथ निवेश और भागीदारी पर गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई का कहना था कि रिलायंस इंडस्ट्रीज खासकर जियो ने भारत के डिजिटलीकरण की दिशा में बड़ा काम किया है। उसके साथ मिलकर काम करने से हमें भारत के अलावा अन्य देशों के लिए बेहतर उत्पाद विकसित करने में मदद मिलेगी।

संबंधित समाचार