उत्तराखंड में सीमा से सटे गांवों में टिड्डी दल का हमला, किसान अलर्ट
खटीमा,अमृत विचार। उत्तराखंड में उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे गांवों में टिड्डी दलों का हमला शुरू हो गया है। ये टिड्डी दल किसानों की खड़ी फसल को देखते ही देखते ही चट करते जा रहे हैं। टिड्डियों के हमले को देखते हुए उत्तराखंड के किसान ट्रैक्टर और दवाइयों के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में खडे़ …
खटीमा,अमृत विचार। उत्तराखंड में उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे गांवों में टिड्डी दलों का हमला शुरू हो गया है। ये टिड्डी दल किसानों की खड़ी फसल को देखते ही देखते ही चट करते जा रहे हैं। टिड्डियों के हमले को देखते हुए उत्तराखंड के किसान ट्रैक्टर और दवाइयों के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में खडे़ हैं।
देश के कई हिस्सों में किसानों की खड़ी फसल को चट कर चुके टिड्डी दल का रुख उत्तर प्रदेश के बाद अब उत्तराखंड की ओर भी होने लगा है। हालांकि पिछले दिनों किसान नेता प्रकाश तिवारी ने इस बाबत स्थानीय प्रशासन को अवगत कराते हुए टिड्डी दल के संभावित हमले से किसानों की फसल को बचाने की गुहार लगाई थी, लेकिन स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की गई।
अब किसान नेता प्रकाश तिवारी ने किसानों से अपील की है कि वह टिड्डी दल के हमले को रोकने के लिए खेतों में कीटनाशक का छिड़काव करें। उन्होंने सरकार से भी किसानों को निशुल्क कीटनाशक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाके मझोला में टिड्डी दल ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। ये दल मझोला से गिधोर होते हुए उत्तराखंड के सुनपहर, जादोपुर, प्रतापपुर की ओर आ रहा है। इस पर किसान अलर्ट हो गए हैं। कई किसान ट्रैक्टर और दवाइयां लेकर सीमावर्ती इलाकों में खड़े हैं।
