कानपुर: आईआईटी के बाद एनएसआई पहुंचा तेंदुआ, इलाके में दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। पिछले चार दिन से आईआईटी में घूम रहा तेंदुआ राष्ट्रीय शर्करा संस्थान (एनएसआई) पहुंच गया। उसे शुक्रवार देर रात सुरक्षाकर्मी ने देखा और संस्थान के अधिकारियों को जानकारी दी। तेंदुए को लेकर अलर्ट जारी किया गया। सुरक्षाकर्मियों ने बंदूक और लाठी डंडे के साथ क्षेत्र का जायजा लिया। शनिवार को वन विभाग …

कानपुर, अमृत विचार। पिछले चार दिन से आईआईटी में घूम रहा तेंदुआ राष्ट्रीय शर्करा संस्थान (एनएसआई) पहुंच गया। उसे शुक्रवार देर रात सुरक्षाकर्मी ने देखा और संस्थान के अधिकारियों को जानकारी दी। तेंदुए को लेकर अलर्ट जारी किया गया। सुरक्षाकर्मियों ने बंदूक और लाठी डंडे के साथ क्षेत्र का जायजा लिया।

शनिवार को वन विभाग और चिड़ियाघर की टीम ने भी कॉबिंग की। डॉट गन लेकर तेंदुए की खोजबीन हुई। कुछ जगहों पर उसके पैरों के निशान मिले हैं। अधिकारियों ने तेंदुए को घने जंगल की ओर जाने की संभावना जताई। निदेशक प्रो. नरेंद्र मोहन ने बताया कि शुक्रवार की रात 12.15 बजे सुरक्षाकर्मी आनंद कमल ने तेंदुए को देखा और सुपरवाइजर राहुल यादव को जानकारी दी। सुरक्षा कमांडर यूपीएस राठौर और सुरक्षा अधिकारी डॉ सुधांशु मोहन भी अन्य गार्ड के साथ मौके पर पहुंचे और कांबिंग कराई।

इस दौरान तेंदुआ गनमैन महेंद्र सिंह को 1.47 और अन्य टीम को 3.33 बजे पुलिया के नजदीक नजर आया। संस्थान में छात्रावास के साथ ही आवास बने हुए हैं। छात्रावास खाली हैं। यहां रहने वाले छात्र-छात्राएं दीपावली की छुट्टी में घर गए हैं। संस्थान कर्मचारियों को सर्तक कर दी गई है। वन अधिकारी के मुताबिक आईआईटी की बाउंड्री के सामने पुलिया के नीचे से होते हुए एनएसआई के पांच नंबर फार्म की ओर से तेंदुए के आने का अंदेशा है।

आईआईटी के अफसरों ने ली राहत की सांस
आईआईटी में तेंदुआ होने की जानकारी मिलने से परिसर में रहने वाले लोगों की दिनचर्या ही बदल गई थी। सुबह और शाम के समय सैर करने वालों ने घर के अंदर रहकर व्यायाम और योग किया। तेंदुए के हवाई अड्डा क्षेत्र से टाइप थ्री, फोर, फाइव और सिक्स के पास के जंगल में रहने की संभावना थी। इसके दो दिन बाद तेंदुआ शॉपिंग कॉप्लेक्स और पार्क 67 के नजर आया, जिससे केंद्रीय विद्यालय, कैंपस, अपरच्युनिटी, क्रिसलय, स्नेहालय में छुट्टी कर दी गई।

शनिवार को स्कूल खुले रहे। तेंदुए के एनएसआई में देखे जाने के बाद आईआईटी कैंपस में रहने वालों ने राहत की सांस ली हैं। दोनों संस्थान आमने सामने होने के चलते अभी भी आईआईटी के निवासी एहतियात बरत रहे हैं। कैंपस में भीतर स्थित दुकानों में भी बुधवार से सन्नाटा है। पढ़ाई करने वाले छात्रों ने भी कैंपस की दुकानों से खाना पीना कर दिया है।

यह भी पढ़ें:-ड्रोन और विशेष कैमरे हो रही तलाश : आईआईटी में तेंदुआ आने से हुई दहशत

संबंधित समाचार