चम्पावत: नवंबर तक खर्च करें शत प्रतिशत धनराशि : सीडीओ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चम्पावत, अमृत विचार। सीडीओ आरएस रावत ने जिला कार्यालय सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए जिला, राज्य, केन्द्र व वाह्य सहायतित योजनान्तर्गत विभागों को आवंटित धनराशि के सापेक्ष संचालित विकास कायों एवं व्यय की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को शासन से प्राप्त धनराशि का शत प्रतिशत …

चम्पावत, अमृत विचार। सीडीओ आरएस रावत ने जिला कार्यालय सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए जिला, राज्य, केन्द्र व वाह्य सहायतित योजनान्तर्गत विभागों को आवंटित धनराशि के सापेक्ष संचालित विकास कायों एवं व्यय की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को शासन से प्राप्त धनराशि का शत प्रतिशत उपयोग नवंबर के अंतिम सप्ताह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी यह न सोचें कि धनराशि मार्च तक व्यय करनी है। उनका यह प्रयास रहना चाहिए कि प्राप्त धनराशि को समय पर व्यय कर विकास कार्यों को ससमय पूर्ण कर लिया जाए, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। सीडीओ ने कहा कि चंपावत जिला मॉडल जिला बनाया जा रहा है। इस हेतु सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी से कार्य करें।

कार्यदायी संस्थाएं निर्माण कार्यों को समय से गुणवत्ता व पारदर्शिता के साथ पूर्ण कराएं। कहा कि जो विभाग जिले में नया अभिनव कार्य कर रहे हैं इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी दी जाए। बताया गया कि जिले में चारों योजनाओं के अन्तर्गत माह अक्टूबर तक 92.8 प्रतिशत अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष लगभग 72 प्रतिशत धनराशि विभागों द्वारा व्यय कर ली गई है।

जिला योजना के तहत लगभग 40 प्रतिशत धनराशि व्यय होने पर सीडीओ ने विभागों को धनराशि व्यय करने में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला योजना के तहत वर्तमान तक 4282.00 लाख परिव्यय के सापेक्ष 2854.68 लाख की धनराशि शासन से जिले को अवमुक्त की गई है। राच्य योजना में 5699.44 लाख के सापेक्ष शत प्रतिशत तथा केंद्रांश में 7972.04 लाख रुपये धनराशि के सापेक्ष शत प्रतिशत धनराशि शासन से अवमुक्त हो गई। सीडीओ ने 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान डी श्रेणी में मौजूद नौ मदों को ए श्रेणी में लाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार