इटावा: नगर पालिका कर्मचारियों ने किया जोरदार प्रदर्शन, कई संगठनों का मिला साथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा, अमृत विचार। नगर पालिका कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में वि‌भिन्न कर्मचारी संगठनों ने हंगामी प्रदर्शन किया। नगर पालिका के समस्त कक्षों में पूर्ण तालाबंदी करके कर्मचारी धरने पर बैठे। कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। कई अन्य विभागों के कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने भी धरने में शामिल होकर कर्मचारियों की जायज …

इटावा, अमृत विचार। नगर पालिका कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में वि‌भिन्न कर्मचारी संगठनों ने हंगामी प्रदर्शन किया। नगर पालिका के समस्त कक्षों में पूर्ण तालाबंदी करके कर्मचारी धरने पर बैठे। कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। कई अन्य विभागों के कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने भी धरने में शामिल होकर कर्मचारियों की जायज मांगों का समर्थन किया।

राज्य स्वायत्त शासन कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि अधिशाषी अधिकारी ने 27 सितंबर को कर्मचारियों के साथ हुए लिखित समझौते का एक माह गुजर जाने के बाद भी पालन नहीं किया। उनका यह कृत्य कर्मचारियों के साथ एक धोखा है। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल होने वाले 54 हटाए गए कर्मचारियों को सेवा में शीघ्र बहाल किए जाने की मांग की ।

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष विनोद यादव ने कहा कि समय रहते कर्मचारियों की जायज मांगों की पूर्ति कर देनी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर इस मसले को जिला प्रशासन एवं शासन के संज्ञान में लाया जाएगा।

धरने को समर्थन देते हुए कर्मचारी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रान्तीय महामंत्री अरविंद धनगर ने कहा कि अधिशाषी अधिकारी ने सभी मांगो पर लिखित सहमति देने के बात कर्मचारियों के वेतन में अवैध कटौती सिद्ध करती है कि नगर पालिका प्रशासन पूर्णत: भ्रष्टाचार में लिप्त है।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि बहन सोनी बाल्मीकि के साथ अभद्रता करने वाले सफाई नायक शेलेन्द्र कुमार को उसके मूल पद सफाई कर्मचारी पर शीघ्र न भेजा गया तो राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद बड़े आन्दोलन के लिए बाध्य होगी।सिंचाई संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता ने धरने पर बैठे हुए साथियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज एक दर्जन साथी सिंचाई विभाग से धरने में आए हैं। अनिश्चित कालीन धरने में अगले दिन से सैकड़ों कर्मचारी प्रतिभाग करेंगे।

सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष लाखन सिंह ने कहा कि नगर पालिका कर्मचारियों के शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन के बावजूद अधिशाषी अधिकारी ने हठधर्मिता नहीं छोड़ी तो सफाई कार्य को ठप कर दिया जाएगा। कर्मचारी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रजनीश राठौर ने कहा कि अल्प वेतन भोगी कर्मचारियों की जायज मांगों के समर्थन में पूर्ण क्षमताओं के साथ एसोसिएशन रहेगी।

धरने में नगर पालिका परिषद इटावा के सभासद गण शरद बाजपेई, सभासद उमेश यादव, सभासद हीरू तोमर, प्रमेश कुशवाह, शफीक मस्त खां, सभासद शोभा राम भी शामिल हुए। धरने को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला संरक्षक प्रदीप सक्सेना कर्मचारी नेता अनिल बाजपेई ,राम करन सिंह शाक्य,उपेन्द्र वर्मा, ब्रजेश यादव,आशा रसोइया कर्मचारी नेता अमर सिंह, वीरेन्द्र बाल्मीकि,विशाल सिंह,केपी सिंह शाक्य, प्रशान्त गौड़, ने प्रतिभाग किया।

ये भी पढ़ें-फतेहपुर: सिलेंडर लीकेज से पंडाल में लगी आग, 13 झुलसे, अस्पताल पहुंचकर डीएम ने जाना हाल

संबंधित समाचार