हल्द्वानी: गूलरभोज के जंगल में घुसे और लापता हो गए बदमाश
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं ज्वैलर्स के मालिक पर फायरिंग के आरोपी और पुलिस मुठभेड़ में फरार हुए इनामियां बदमाश गूलरभोज के जंगल में घुसे और लापता हो गए। जंगल की खाक छान कर हारी पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी समस्या यह है कि बदमाशों ने अपने मोबाइल भी स्विच ऑफ कर दिए हैं। बदमाशों …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं ज्वैलर्स के मालिक पर फायरिंग के आरोपी और पुलिस मुठभेड़ में फरार हुए इनामियां बदमाश गूलरभोज के जंगल में घुसे और लापता हो गए। जंगल की खाक छान कर हारी पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी समस्या यह है कि बदमाशों ने अपने मोबाइल भी स्विच ऑफ कर दिए हैं। बदमाशों को आखिरी बार गूलरभोज के जंगल में ट्रैक किया गया था।
बीती दो नंबर को कुमाऊं ज्वैलर्स के मालिक राजेश वर्मा पर फायर झोंकने वाले दो बदमाश पुलभट्टा में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार तो कर लिए गए, लेकिन मुख्य आरोपी मनोज अधिकारी और उसका साथी रमन पुलिस की आंख में धूल झोंककर फरार होने में कामयाब हो गए। मुठभेड़ के दौरान नैनीताल और ऊधमसिंहनगर पुलिस मौजूद थी।
यहां से नैनीताल पुलिस ने दोनों फरार बदमाशों का पीछा शुरू किया। कभी बदमाशों और उनके परिजनों के मोबाइल ट्रैक किए जाते तो कभी रास्तों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालती पुलिस बदमाशों के करीब पहुंची, लेकिन उन्हें पकड़ नहीं सकी। चार नवंबर को बदमाशों ने पुलिस को दूसरी बार चकमा दिया। हालांकि पुलिस बदमाशों के पीछे थी और पीछा करते-करते गूलरभोज के जंगलों तक पहुंच गई। यहीं बदमाशों की आखिरी लोकेशन मिली और यहीं से बदमाशों ने अपने मोबाइल बंद कर दिए।
पुलिस ने जंगल में सर्च तो किया, लेकिन बदमाश नहीं मिले। जिसके बाद नैनीताल पुलिस ने दोनों फरार बदमाशों पर 20-20 हजार का इनाम घोषित कर दिया। अब पुलिस भी यह मान चुकी है कि बदमाशों को पकड़ने में सर्विलांस और सीसीटीवी काम नहीं आने वाले। पुलिस को अब पुराने मैनुअल तरीके अपनाने होंगे। बदमाशों के दोस्तों, करीबियों, घरवालों से पूछताछ के साथ ही मुखबिर तंत्र को फिर सक्रिय करना होगा। फिलहाल, गूलरभोज के जंगल में दाखिल होने के बाद से अब तक मनोज और रमन का कोई पता नहीं है।
फरार बदमाशों के मोबाइल स्विच ऑफ हैं। अब मैनुअल पुलिसिंग के जरिये टीमें बदमाशों के करीब पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। बदमाशों के हर संभावित ठिकानों पर हमारी नजर है। बदमाशों के बारे में जानने वालों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-पंकज भट्ट, एसएसपी, नैनीताल
बदमाशों के परिजनों से पूछताछ कर रही पुलिस
हल्द्वानी। बदमाशों के मोबाइल स्विच ऑफ होने के बाद पुलिस टीमें अब पूरी तरह मैनुअल पुलिसिंग पर काम कर रही है। मुखबिर तंत्र फिर से सक्रिय है। मनोज और रमन के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी जुटाने के लिए पुलिस उनके परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। इसके अलावा दोस्तों और करीबियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता यह जानने की है कि मनोज और रमन कहां और किससे शरण ले सकते हैं।
