बरेली: नहीं आया बजट, दर्द बढ़ा रहीं मंडल की 21 जर्जर सड़कें
बरेली, अमृत विचार। मंडल के बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिले की 21 प्रमुख खस्ताहाल सड़काें काे दिवाली से पहले दुरुस्त करने की योजना कामयाब नहीं हो सकी है। बजट के अभाव में तैयारियां धरी रह गईं। ऐसे में इन जर्जर सड़कों से राहगीरों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। विभाग …
बरेली, अमृत विचार। मंडल के बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिले की 21 प्रमुख खस्ताहाल सड़काें काे दिवाली से पहले दुरुस्त करने की योजना कामयाब नहीं हो सकी है। बजट के अभाव में तैयारियां धरी रह गईं। ऐसे में इन जर्जर सड़कों से राहगीरों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। विभाग टेंडर डालने की बात कहकर बजट आने का इंतजार कर रहा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: अंबेडकर की मूर्ति लगाने को लेकर बवाल, छतों से किया जमकर पथराव
दरअसल, 16 अक्टूबर को सीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में त्योहारों को लेकर सभी प्रमुख सड़कों की मरम्मत के लिए आदेश दिए थे। इसके बाद मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार ने बरेली, बदायूं, पीलीभीत व शाहजहांपुर के डीएम के जरिए लोक निर्माण विभाग की उन प्रमुख सड़कों की सूची तैयार कराई थी, जिनकी दिवाली से पहले मरम्मत कराना बहुत जरूरी बताया गया था।
मंडलायुक्त ने चारों जिलों से प्रमुख सड़कों, उनकी लंबाई (किलोमीटर में), सड़क की मरम्मत की लागत के साथ सूची को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग को भेजी थी। कमिश्नर के प्रयास के बाद उम्मीद जगी थी कि इन खस्ताहाल सड़कों की सूरत दिवाली से पहले सुधर जाएगी, लेकिन हकीकत में ऐसा नहीं हो सका। 24 अक्टूबर को दिवाली थी।
उसके पहले ही मंडलायुक्त ने सूची के साथ पत्र भेजा था, लेकिन दिवाली के 15 दिन बाद भी शासन स्तर से बजट नहीं आ सका है। टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो पाई है। यही वजह है कि बजट के अभाव में सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य लटका हुआ है। विभाग को बजट आने का इंतजार है। विभागीय अफसरों का कहना है कि शासन से बजट जल्द जारी होने की उम्मीद है। टेंडर के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बजट आते ही सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इन जर्जर सड़कों को दिवाली से पहले दुरुस्त करने की थी योजना
- बड़ा बाईपास से सेटेलाइट बरेली मार्ग (पुराना पीलीभीत बाई पास एनएच 70 शहरी भाग) प्रमुख जिला मार्ग का मरम्मत व सुधार कार्य।
- विशेष मरम्मत के लिए परसाखेड़ा से चाैपुला होते हुए सेटेलाइट तिराहे से रजऊ परसपुर (पुराना एनएच 24 शहरी भाग)।
- विशेष मरम्मत के तहत मिनी बाईपास मार्ग की मरम्मत व सुधार कार्य।
- बाईपास से शहरी भाग (अन्य जिला मार्ग) की मरम्मत व सुधार कार्य।
- फरीदपुर में एनएच 24 से गूगल नगरिया संपर्क मार्ग।
- गूगल नगरिया से नगर जस्सी संपर्क मार्ग।
बदायूं में-
- शेखूपुर में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद मार्ग राज्य मार्ग संख्या 107.900 से 108.800 तक सीसी निर्माण कार्य
- बिसौली में आंवला मार्ग
- सहसवान नाधा इस्लानगर मार्ग
- बदायूं में पीवीएमवी मार्ग से टिटौली मार्ग पर विशेष मरम्मत का कार्य।
- बदायूं में घटपुरी रेलवे स्टेशन से झंडा पुलिया होते हुए ओझा तक मार्ग।
शाहजहांपुर में-
- शाहजहांपुर में अजीजगंज से चाैहानापुर कांट मदनापुर मार्ग।
पीलीभीत में-
- बरखेड़ा में पीलीभीत माधोटांड कलीनगर शाहगढ़ आसाम मार्ग
- नौगवां फ्लाईओवर के नीचे दोनों ओर सर्विस रोड।
- एलबी मार्ग किमी. 378 से ठेका चौकी संपर्क मार्ग।
- पुराना पीलीभीत पूरनपुर मार्ग (वृद्धा आश्रम मार्ग)।
- माधोटांडा से ललपुरिया साहब सिंह।
बरेली समेत मंडल के जिलों की जर्जर सड़कों की पहले संख्या 17 थी, लेकिन बाद में चार सड़कों की संख्या और बढ़कर 21 हो गई है। बजट के लिए पत्र जा चुका है। अभी स्वीकृति नहीं हुई है। जल्द ही बजट जारी होने की उम्मीद है। टेंडर के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है—एम निसार, मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी।
यह भी पढ़ें- बरेली: कार्तिक माह रामगंगा स्नान के लिए सज गए घाट, पहुंचने लगे श्रद्धालु
