काशीपुर: बहला फुसलाकर नाबालिग पुत्री को भगा ले जाने का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने एक युवक पर उसकी पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पांच माह बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम हिम्मतपुर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसकी नाबालिग पुत्री को 7 जून 2022 को अपनी मां के साथ घरेलू कार्य में सहयोग करने के लिए गोविंद अग्रवाल निवासी गुडिया कॉम्प्लैक्स, कपास मिल रोडवेज बस स्टैंड के पास काशीपुर के घर गई थी। शाम करीब 6.30 बजे उसकी पत्नी वापस घर आ गई, लेकिन गोविंद अग्रवाल के घर मेहमान आ जाने के कारण उसकी पुत्री उनके घर रूक गयी। इसी बीच रात में करीब 9 बजे गोविंद ने फोन कर बताया कि उसकी पुत्री बिना बताए घर से चली गयी है।
काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंची, तो उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान पता चला कि पंकज निवासी हिम्मतपुर उसकी पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले गया। बाद में उसको पता चला कि पंकज ने उसकी पुत्री के फर्जी व कूटरचित आधार कार्ड व पैन कार्ड बनाकर पुत्री की जन्म तिथि से बालिग दर्शाकर कोर्ट मैरिज कर ली है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है
