हल्द्वानी: असम राइफल्स में तैनात जवान की हार्ट अटैक से मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। असम राइफल में तैनात हल्द्वानी के एक जवान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सूचना से जवान के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, ब्लॉक स्थित भगवानपुर जयसिंह निवासी शंकर दत्त पालीवाल (52) असम राइफल में हवलदार के पद पर तैनात थे। उनकी वर्तमान में तैनाती अरुणांचल में थी। बताया जाता है कि बुधवार सुबह यूनिट में नाश्ते के दौरान अचानक उन्हें हार्ट अटैक पड़ा, जिस पर उन्हें तुरंत यूनिट के अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया।
यूनिट की ओर से परिजनों को इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद में परिवारजनों में कोहराम मच गया। असम से हवाई मार्ग से पार्थिव शरीर दिल्ली लाया गया, जहां से शव एंबुलेंस से देर रात हल्द्वानी स्थित निवास पर पहुंचाने की तैयारी थी।
परिजनों के अनुसार, शंकर सिंह पालीवाल के 25 वर्षीय पुत्र रोशन कतर (कुवैत) में कार्यरत हैं। सूचना मिलते ही वह घर पहुंच गए। वहीं पुत्री कोमल व माता का रो-रोकर बुरा हाल है। रानीबाग चित्रशिला घाट पर सैन्य सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की जाएगी।
