अल्मोड़ा: गर्भवती महिलाओं को वेलनेस सेंटरों में मिलेगी प्रसव सुविधा
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक नई पहल की है। पहल के तहत तीन ब्लॉकों के वेलनेस सेंटरों में प्रसव केंद्र खोले जाएंगे। ताकि महिलाओं को वहां प्रसव की बेहतर सुविधा मिल सके। इन केंद्रों के संचालन के लिए स्टाफ नर्सों और एएनएम को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
जिले के दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। अब गर्भवती महिलाओं की समस्याओं को देखते हुए विभाग की ओर से जिले के तीन नए हेल्थ वेलनेस सेंटरों में प्रसव केंद्र स्थापित करने की कवायद शुरू कर दी है। प्रसव केंद्र में तैनात स्टाफ समेत एएनएम को बीते दिनों महिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्टाफ की ओर से प्रसव की बारीकियों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। ताकि केंद्र में गर्भवती के पहुंचने पर आसानी से प्रसव की सुविधा मिल सके।
योजना के तहत स्याल्दे ब्लॉक के खल्डुवा, भैंसियाछाना के पेटशाल और सल्ट के हरड़ा सेंटर में केंद्र स्थापित करने के बाद महिलाओं को प्रसव की सुविधा मिलेगी। एनएचएम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक भट्ट ने बताया कि जल्द ही इन चयनित सेंटरों में प्रसव केंद्र स्थापित कर लिए जाएंगे। जिसके बाद दूरस्थ क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
