टनकपुर से पिथौरागढ़ तक नैनो ट्राइक में होगा हवाई सफर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में जनपद चम्पावत में ऐरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं को देखते हुए प्रदेश सरकार की पहल पर शुक्रवार को टनकपुर में नैनो ट्राईक और पावर मोटर पैराग्लाइडिंग का ट्रायल किया गया जो सफल रहा। शनिवार को भी इनका दूसरे दिन भी ट्रायल जारी रहेगा।

शुक्रवार को टनकपुर पूर्णागिरि मार्ग के गांव नायकगोठ स्थित किरोड़ा नाले के पास मैदान तैयार कर हवा में नैनो ट्राईक और पावर मोटर पैराग्लाइडिंग का ट्रायल किया गया। इन दोनों में एक पायलट समेत दो लोग ही सफर कर सकते हैं।
हापुड उत्तर प्रदेश से नैनो ट्राईक के आए पायलट शिव यादव, सुभाष सिंह और अमित यादव ने हवा में इसका सफल ट्रायल किया।

वही गांधीनगर गुजरात से आए पावर मोटर पैराग्लाइडिंग के पायलट अमित परमार व उनके सहयोगी अमित और शिवम ने भी हवा में इसका सफल ट्रायल किया। पावर मोटर पैराग्लाइडिंग के पायलट अमित परमार ने बताया कि उत्तराखंड में ऋषिकेश के बाद टनकपुर में अनुमति मिलने पर इसका लोकल में हवाई सेवा दी जाएगी। सरकार द्वारा इस हवाई सेवाओं को अनुमति मिलने पर टनकपुर में भी एक ओर जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, रोजगार के भी अवसर प्राप्त होंगे।

नैनो ट्राईक के लिए टनकपुर से पिथौरागढ़ हवाई दूरी 50 किलोमीटर होगी। इसके उतरने के लिए पिथौरागढ़ स्थित नैनी सैनी हवाई पट्टी के लिए प्रदेश सरकार से अनुमति मांगी जा रही है। टनकपुर पिथौरागढ़ हवाई सफर सफल होने के बाद इसे टनकपुर से देहरादून के लिए भी उड़ान के लिए रखा जाएगा जबकि पावर मोटर पैराग्लाइडिंग लोकल में ही संचालित होगा। दोनों में एक पायलट के अलावा एक अन्य व्यक्ति एक बार में सफर कर सकते हैं।इसके लिए प्रदेश सरकार भी पर्यटक को बढ़ावा देने के लिए इनको टनकपुर से संचालित करने के लिए प्रयासरत हैं। प्रदेश सरकार से अनुमति मिलने के बाद टनकपुर से संचालित होने वाला नैनो ट्राइक उत्तराखंड में पहला हवाई सफर होगा।

- अरविंद गौड़,
जिला पर्यटन अधिकारी, चम्पावत

संबंधित समाचार