बागेश्वर: दो दिवसीय कौसानी महोत्सव 19 से...
बागेश्वर, अमृत विचार। कौसानी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 19 नवंबर से दो दिवसीय कौसानी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की सफलता के लिए जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने यहां कट एंड रेजर आयोजित किया। जिसमें उन्होंने ब्रोशर व वीडियो को लांच किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कौसानी महोत्सव पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होगा।
जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में कट एंड रेजर के दौरान जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने महोत्सव के प्रचार के लिए जारी किए गए ब्रोशर को लांच किया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया के लिए बनाई गई वीडियो को लांच किया। उन्होंने कहा कि कौसानी का पर्यटन क्षेत्र में विशेष स्थान है। यहां हमेशा पर्यटकों का आना जाना लगा रहता है। पर्यटकों को यहां की जानकारी देने व उनके मनोरंजन के साथ ही यहां की संस्कृति का प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग द्वारा इस बार कौसानी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
मेले में मीना राणा समेत अन्य प्रसिदध स्टार कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा गरुड़ विकास खंड के स्कूली बच्चों व स्थानीय लोक कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ कराने के लिए उनकी कैबिनेट मंत्री से वार्ता हुई है।
जिस पर उनके द्वारा मुख्यमंत्री को लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री या कैबिनेट मंत्री चंदन दास द्वारा किया जाएगा जबकि समापन के लिए जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा को आमंत्रित किया गया है।
बैठक में व्यापार संघ कौसानी की पूजा मेहरा, होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों समेत सीडीओ संजय कुमार सिंह उपजिलाधिकारी हर गिरी, महाप्रबंधक उदयोग डीपी दुर्गापाल, आरईएस के अभियंता रमेश चंद्रा, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति कुमार आदि मौजूद रहे।
