रुद्रपुर: जीजा व पुत्रवधु के अवैध संबंधों ने ले ली बेटे की जान, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। पुत्रवधू और उसके जीजा पर अवैध संबंध में बाधा बने पुत्र की हत्या का आरोप में पीड़िता ने कोर्ट में शिकायती पत्र सौंपा था। इस पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पंतनगर थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

ग्राम चठिया सेवाराम बीसलपुर पीलीभीत निवासी रूपा देवी पत्नी जगदीश प्रसाद ने कोर्ट को सौंपे शिकायती पत्र में कहा था कि उसका पुत्र बहोरन लाल अपनी पत्नी मीना देवी के साथ वार्ड नंबर सात आजाद नगर ट्रांजिट कैंप में रहता था। उसके पुत्र की पत्नी मीना देवी के अपने जीजा ग्राम रम्पटिया हाफिजगंज बरेली निवासी भगवान दास से अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर उसके पुत्र और मीना देवी में अक्सर विवाद होते रहता था।

21 अगस्त 2021 से कुछ दिन पहले उसका पुत्र अपनी पत्नी के साथ गांव आया था। गांव में दोनों के बीच विवाद हुआ और दूसरे ही दिन पुत्रवधू मीना देवी उसके पुत्र बहोरन को जबरन अपने साथ लेकर रुद्रपुर लेकर लौट आई। आरोप लगाया कि इस दौरान मीना देवी ने भगवान दास के साथ मिलकर उसके पुत्र बहोरन लाल की हत्या कर दी। साथ ही उसकी पहचान न हो सके, इसके लिए लाश क्षत विक्षत कर दिया।

23 अगस्त 2021 को उसे सूचना मिली के उसके पुत्र की हत्या हो गई है। उसके पुत्र की लाश पुलिस को सड़ी गली हालत में मिली थी। रूपा देवी का कहना था कि अवैध संबंध में बाधा बने उसके पुत्र बहोरन लाल की हत्या पुत्रवधू मीना देवी ने अपने जीजा भगवान दास से मिलकर की है। इसकी शिकायत बीसलपुर जिला पीलीभीत में की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

इधर, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एसओ पंतनगर राजेंद्र सिंह डांगी ने बताया कि पोस्टमार्टम पंतनगर पुलिस ने किया था। पीलीभीत कोर्ट में मृतका की मां ने शिकायत की थी। जिसके बाद मुकदमा पंतनगर थाने में ट्रांसफर हुआ है। जांच की जा रही है, इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार