पिथौरागढ़: काफिला न भीड़, सैर पर अकेले निकले मुख्यमंत्री
पिथौरागढ़, अमृत विचार। सरकारी ताम झाम, काफिला और भीड़भाड़ से अलग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार सुबह पिथौरागढ़ की सड़क पर अकेले ही सैर करने निकल पड़े। वॉक के दौरान प्रकृति का आनंद लेते हुए वे अपने स्वभाव के मुताबिक सरलता और सहजता से लोगों से मिले। अपने सामने मुख्यमंत्री को देख लोग हैरान रह गए।
मुख्यमंत्री धामी दो दिवसीय पिथौरागढ़ दौरे पर शनिवार को पहुंचे थे। रविवार को प्रातः काल भ्रमण के दौरान वह अपने चित परिचित अंदाज में गेस्ट हाउस से निकले और नवीन बोरा के प्रतिष्ठान पर गरमा गरम चाय का आनंद लेने पहुंच गए। इस बीच पिकनिक पर जा रहे स्टैफर्ड पब्लिक स्कूल के बच्चों पर नज़र पड़ी तो उनका उनसे मिलने को मन उत्सुक हो उठा और फिर बस में चढ़कर सभी बच्चों से मिलकर उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली।
लोगों को भाता है यह अंदाज
उत्तराखंड के मुख्य सेवक पुष्कर सिंह धामी को अचानक अपने बीच देख स्थानीय लोग और स्कूली बच्चे चौंक गए। भारी सुरक्षा व्यवस्था में घिरे रहने वाले मुख्यमंत्री धामी का विनम्र अंदाज देख लोग और बच्चे भी उनसे बिना किसी झिझक के मिले और बात की। हालांकि इससे पहले भी मुख्यमंत्री धामी बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और खटीमा में सुबह की सैर के दौरान सरलता और सहजता से लोगों से मिलकर उनसे विभिन्न मुद्दों पर बातचीत कर चुके हैं।
