रुद्रपुर: डीएम ने अतिथि सेवा कैंटीन में भोजन ग्रहण कर गुणवत्ता की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी युगल किशोर पंत ने जिला प्रशासन द्वारा संचालित निशुल्क भोजन व्यवस्था अतिथि सेवा कैंटीन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैंटीन में भोजन खाकर उसकी गुणवत्ता जांची। उन्होंने कैंटीन की स्वच्छता एवं भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही ने बरतने के निर्देश दिए। कहा गुणवत्ता में खामी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोमवार को डीएम पंत अपने कार्यालय जाने से पहले अचानक अधीनस्थों के साथ कलेक्ट्रेट स्थित अतिथि सेवा कैंटीन पहुंच गए। जिसे देखकर कैंटीन संचालक सहित कार्मिकों में हड़कंप मच गया। इस दौरान डीएम ने अचानक कैंटीन में बने राजमा-चावल की प्लेट मंगवाई और खाना खाकर उसकी गुणवत्ता की जांच की। इस मौके पर जिलाधिकारी के साथ आए अन्य अधिकारियों ने भी भोजन ग्रहण किया। डीएम सहित अधिकारियों ने थाल को खुद धोकर रखा।

डीएम पंत ने कैंटीन की साफ सफाई का भी जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थों को आदेशित किया कि कैंटीन में आने वाले छोटे-बड़े का भेदभाव मिटाकर भोजन करवाया जाए। साथ ही स्वच्छ एवं गुणवत्ता युक्त भोजन मुहैया कराएं। ताकि जिला प्रशासन द्वारा संचालित कैंटीन सेवा का उद्देश्य पूरा हो सके। उन्होंने एसडीएम प्रत्यूष सिंह को सप्ताह में कम से कम एक दिन भोजन की गुणवत्ता की जांच करने को कहा। बताया कि डीएम कार्यालय में दूरदराज से फारियादी आते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए 15 अगस्त को प्रशासन द्वारा निशुल्क थाल सेवा यानि अतिथि सेवा कैंटीन प्रारंभ की थी। इस मौके पर ओसी कलक्ट्रेट मनीष बिष्ट, डीईओ अहमद नदीम, वैयक्तिक अधिकारी आनंद विश्वकर्मा, कमलेश पंत आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार