अल्मोड़ा: सोमेश्वर से लापता युवती को दिल्ली से बरामद किया
अल्मोड़ा, अमृत विचार। सोमेश्वर पुलिस ने करीब एक सप्ताह से गायब चल रही एक युवती को दिल्ली से सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के मुताबिक बीते आठ नवंबर को सोमेश्वर क्षेत्र की एक युवती संदिग्ध हालात में घर से गायब हो गई थी। कई जगह खोजबीन के बाद भी युवती का सुराग नहीं लग पाया। जिसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
एसएसपी प्रदीप कुमार राय ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लेकर सीओ अल्मोडा व थानाध्यक्ष सोमेश्वर को गुमशुदा युवती की शीघ्र तलाश के टीम गठित करने के लिए निर्देश दिए थे। गठित टीम ने साइबर सेल की मदद से रविवार को युवती को दिल्ली के कनॉट प्लेस से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस टीम टीम में एसओ विजय नेगी, चौकी प्रभारी धरम सिंह, एसआई मोनी टम्टा, आरक्षी कुलदीप सिंह, आसिफा खान आदि शामिल रहे।
