बरेली में कोरोना से छह की मौत, 155 नए संक्रमित मिले
बरेली,अमृत विचार। जनपद में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के सारे रिकार्ड ध्वस्त हो गए। 24 घंटे में जहां छह संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं, 155 नए संक्रमित निकले हैं। इससे माना जा रहा है कि कोरोना सामुदायिक संक्रमण का रूप लेने लगा है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के संक्रमित होने और मृत्युदर में …
बरेली,अमृत विचार। जनपद में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के सारे रिकार्ड ध्वस्त हो गए। 24 घंटे में जहां छह संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं, 155 नए संक्रमित निकले हैं। इससे माना जा रहा है कि कोरोना सामुदायिक संक्रमण का रूप लेने लगा है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के संक्रमित होने और मृत्युदर में इजाफा होना भी इसका मुख्य कारण माना जा रहा है।
सभी संक्रमित एलआईसी ऑफिस, एसएसपी ऑफिस, फायर विभाग, नगर निगम, जिला अस्पताल, सीएचसी समेत अन्य विभागों में कार्यरत बताए जाते हैं। जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 44 पहुंच गया। जबकि संक्रमितों की संख्या 1196 पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों की अंत्येष्टि के लिए परिजनों के साथ प्रशासन को भी सूचना दे दी है।
जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार के मुताबिक गुरुवार की देर रात कोविड एल-2 अस्पताल में भी नवादा शेखान का एक 38 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह गंभीर रोगों से ग्रसित था और 17 जुलाई को उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई थी। सुल्तानपुर के थाना सादीपुर के रहने वाले 32 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। वह 18 जुलाई को संक्रमित मिला था।
नवाबगंज की रहने वाले एक 50 साल की महिला की भी मौत हुई। जो 20 जुलाई को संक्रमित मिली थी। 4 जुलाई को कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती हुई थी। आजमनगर की एक 74 वर्षीय बुजुर्ग और प्रेमनगर जकाती के रहने वाले 21 जुलाई को संक्रमित मिले 68 वर्षीय बुजुर्ग की भी मौत हो गई है। वह दो दिन पहले कारपोरेट लैब की जांच में संक्रमित मिले थे। बताया कि मृतकों के परिजन को कोविड नियम के तहत अंत्येष्टि किए जाने की जानकारी दे दी गई है।
