हल्द्वानी: 7482 वाहन मालिक ने अभी तक नहीं करवाया अपने वाहनों का सत्यापन
हल्द्वानी, अमृत विचार। वन निगम ने गौला में वाहनों के सत्यापन को लेकर सितंबर में ही प्रक्रिया शुरू कर दी थी। मगर पिछले दो माह में सिर्फ 18 वाहनस्वामियों ने ही अब तक प्रक्रिया पूर्ण की है। करीब 7482 वाहन मालिकों ने अभी तक अपने दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं। जिन मालिकों ने सत्यापन करवाया है, उनके वाहन शीशमहल गेट से रेता भर डिमांड के हिसाब से पर्वतीय क्षेत्र में आपूर्ति करते हैं। वहीं वाहन स्वामियों की इस सुस्ती की वजह यह भी है कि उन्हें इस माह शासन के निर्णय का इंतजार है जिसमें रायल्टी को लेकर कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
आपको बता दें कि खनन सत्र को लेकर दो बड़ी समस्याएं खड़ी हो चुकी हैं, जनवरी 2023 में दस साल की खनन अनुमति समाप्त हो जाएगी। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद ही आगे नदी से निकासी हो सकती है। तो दूसरी परेशानी वाहनस्वामियों की गौला की रायल्टी कम किए जाने को लेकर है। वहीं वाहनस्वामियों का कहना है कि पिछली बार महंगे उपखनिज का हवाला देकर हल्द्वानी-लालकुआं के आधे क्रशरों ने खरीद नहीं की और उन्हें नुकसान उठाना पड़ा।
इधर इस पूरे मामले में डीएलएम गौला वाइके श्रीवास्तव का कहना है कि अभी तक केवल 18 लोगों ने फार्म जमा किए हैं। वाहनस्वामी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। जिस वजह से सत्यापन प्रक्रिया की रफ्तार भी धीमी है। बहरहाल देखना होगा की सरकार अब इस मामले में क्या फैसला लेती है।
