सुल्तानपुर: गोदाम पर छापा, मिला नकली डीएपी का जखीरा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस व कृषि विभाग की टीम कार्रवाई में जुटी 

अमृत विचार, सुल्तानपुर। जिले में डीएपी खाद को लेकर एक तरफ किसान परेशान हैं, तो दूसरी तरफ मिलावटखोर इसका फायदा उठाकर गोरखधंधे में लिप्त है। कोतवाली देहात पुलिस ने कामतागंज बाजार में एक खाद की गोदाम पर छापा मारा तो वहां नकली डीएपी का जखीरा मिला। यहां पर पुलिस को कुछ लोग नकली खाद बोरियों में भरकर मशीन से पैकिंग करते हुए मिले। पुलिस ने खाद व लोगों को थाने ले आई है। पुलिस व कृषि विभाग की टीम कार्रवाई में जुटी है। 

कोतवाली देहात के कामतागंज शंभूगंज रोड पर हीरा फर्टिलाइजर की दो दशक पुरानी दुकान है। जहां पर सोमवार की रात करीब 132 बोरियां नकली खाद की बरामद हुई है। रात में मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि खाद दुकानदार के गोदाम में शटर बंद कर अंदर नकली डीएपी पैक की जा रही है। पुलिस मौके पर पहंुची। शटर को खोलवाया तो मामला सही पाया गया। अंदर चार लोग मिले तथा डीएपी खाद बोरियों मे भरकर सिलने वाली मशीन से पैक कर रहे थे। 

कोतवाली देहात पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी खाद की बोरियां, सिलने वाली मशीन तथा गोदाम में मौजूद लोगों को पकडकर थाने ले आई है। खाद गोदाम से करीब सौ बोरी जो नकली खाद मिली है वह नवरत्ना व इफको की बोरी में पैक है। मौके पर जिप्सम की भी बोरियां मिली है। जिसको डीएपी में मिलाकर खाद को पैक कर कालाबाजारी के लिए तैयार किया जा रहा था। गोदाम पर खाद की मिलावट करने वाले चार संदिग्ध व्यक्तियों तथा बोरी सिलने की मशीन बरामद कर पुलिस जांच पडताल में जुटी हुई है।

इसकी सूचना देहात पुलिस ने कृषि विभाग के अधिकारी को दी तो मौके पर जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी सहित अन्य लोग आकर जांच पड़ताल की है। कृषि विभाग के अन्य लोग लिखापढ़ी कर कार्रवाई में जुटे है। देहात कोतवाल चंद्रभान वर्मा ने बताया कि लिखापढ़ी की जा रही है। विभाग से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

बोले जिम्मेदार 
अवैध रूप से गोदाम संचालित किया जा रहा था। कोई लाइसेंस नहीं है। 132 बोरी खाद मिली है। इसमें कुछ नकली और कुछ असली को मिलाकर खाद बोरियों में पैक किया जा रहा था। चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। विभाग अब जांच का दायरा बढ़ाएगी। 
सदानंद चौधरी, जिला कृषि अधिकारी 

संबंधित समाचार