किच्छा: उद्घाटन के साथ ही विवादों में आई नुमाइश, अनुमति निरस्त करने की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। नगर के इंदिरा गांधी खेल मैदान में लगी नुमाइश का उद्घाटन के साथ ही विरोध शुरू हो गया है। नगर के एकमात्र खेल मैदान में नुमाइश की अनुमति दिए जाने से खेल प्रेमियों एवं युवाओं में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष एवं नगर पालिका के वार्ड सभासद ने खेल मैदान में नुमाइश संचालित किए जाने का विरोध किया है।

उन्होंने अनुमति निरस्त करने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। नुमाइश का सोमवार की देर शाम इंदिरा गांधी खेल मैदान में विधिवत उद्घाटन हो गया है। व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष नितिन फुटेला ने नुमाइश की परमिशन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि विगत दिनों पुरानी गल्ला मंडी स्थित सब्जी बाजार में अत्यधिक भीड़ होने, रेलवे फाटक पर जाम लगने के चलते प्रशासन से खेल मैदान में साप्ताहिक हाट बाजार लगाए जाने  की अनुमति देने का आग्रह किया गया था परंतु प्रशासन ने खेल मैदान का हवाला देते हुए हाट बाजार की अनुमति नहीं दी।

व्यापारी नेता फुटेला ने कहा कि बावजूद इसके खेल प्रेमियों की भावनाओं को दरकिनार करते हुए प्रशासन ने इंदिरा गांधी खेल मैदान में नुमाइश की परमिशन देकर खेल प्रेमियों एवं युवाओं के साथ छल किया है जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी को पत्र भेजकर नुमाइश की अनुमति निरस्त करने की मांग की जाएगी। वहीं दूसरी तरफ वार्ड सभासद शोभित शर्मा ने कहा कि विगत वर्ष इंदिरा गांधी खेल मैदान में आयोजित की गई नुमाइश के दौरान महिलाओं से छेड़छाड़, दबंगों द्वारा मारपीट तथा मेले में आने वाले लोगों की जेब कटने की शिकायत के बाद प्रशासन ने परमिशन निरस्त कर नुमाइश बंद करा दी थी फिर किस आधार पर इस बार नुमाइश लगाने की परमिशन दे दी गई।

कहा कि नगर क्षेत्र में युवाओं एवं खेल प्रेमियों के लिए एकमात्र इंदिरा गांधी खेल मैदान है जहां खिलाड़ियों एवं युवाओं द्वारा खेल का अभ्यास किया जाता है, परंतु अब खेल मैदान में नुमाइश का आयोजन किए जाने से खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने जल्द ही नुमाइश की परमिशन को निरस्त नहीं किया तो युवाओं को साथ लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

संबंधित समाचार