काशीपुर: तहसीलदार ने छोटा हाथी से सवारी उतार रोडवेज में बैठाईं
काशीपुर, अमृत विचार। सितारगंज घटना से सबक लेकर प्रशासन ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कमर कस ली है। तहसीलदार ने चालक को रोककर छोटा हाथी में भरी सवारियों को रोडवेज बस में बैठा कर गंतव्य को रवाना किया। इस दौरान चालक को कड़ी फटकार लगाकर हिदायत दी गई।
प्रशासन और परिवहन की नाक के नीचे डग्गामार वाहनों में धड़ल्ले से यात्रियों को ढोया जा रहा है। जिसके चलते विभिन्न मार्गों पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। जिसमें कई लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ रही है। सोमवार को सितारगंज के पास हाइवे पर यात्रियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।
जिसमें शिक्षिका व एक छात्रा की मौत हो गई और कई घायल हो गए। जिसके चलते डीएम ने ऐसे वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार की सुबह तहसीलदार युसूफ अली सीतारामपुर में सीलिंग की भूमि पर कब्जा लेने के लिए जा रहे थे। इस बीच रामनगर रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास एक छोटा हाथी सवारी भरकर रामनगर की ओर जा रहा था।
तहसीलदार ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो वाहन के पीछे खुले हिस्से में करीब 15 लोग बैठे पाए गए। इस पर उन्होंने वाहन से सभी लोगों को उतारकर पीछे से आ रही रोडवेज बस में बैठाया। उन्होंने छोटा हाथी चालक को फटकार लगाकर आगे से सवारी नहीं ढोने की हिदायत दी। तहसीलदार ने बताया कि क्षमता से अधिक सवारी भरकर दौड़ने वाले वाहनों के खिलाफ शीघ्र ही अभियान चलाया जाएगा।
