भवाली: फरसौली में डंपर और कार की भिड़ंत में पांच लोग घायल
भवाली, अमृत विचार। फरसौली में मंगलवार को कार और डंपर की भिड़ंत हो गई। इसमें कार सवार 5 लोग घायल हो गए। उनको 108 एंबुलेंस से सीएचसी भीमताल पहुंचाया गया।
मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे भवाली भीमताल रोड स्थित फरसौली में हल्द्वानी से अल्मोड़ा जा रही कार भवाली से हल्द्वानी की तरफ जा रहे डंपर से टकरा गई। कार और डंपर की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार चालक गाड़ी के अंदर फंस गया। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस व पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर तत्काल एएसआई नारायण प्रकाश टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से कार में बैठे पांचों लोगों को बाहर निकाला। कोतवाली एएसआई नारायण प्रकाश ने बताया कि सभी को वाहन से निकालकर भीमताल सीएचसी भेजा गया है।
