जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने वाले लौट रहे बैरंग, Kanpur Nagar Nigam में शिफ्ट हो रहा कार्यालय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर नगर निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने वाले अब बैंरग लौट रहे है। नगर निगम में कार्यालय शिफ्ट हो रहा है। दो दिनों में सैकड़ों लोग वापस लौट गए है।

कानपुर, अमृत विचार। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने नगर निगम जा रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। मुख्यालय में बने कार्यालय को भवन में ही अन्य जगह स्थानांतरित किया जा रहा है। जिसके चलते लोगों को वापस लौटना पड़ रहा है। दो दिनों में इस वजह से सैकड़ों आवेदक लौट गए हैं। कर्मचारी भी कार्यालय के स्थानांतरण की बात करके लोगों को एक-दो दिन बाद आने की सलाह दे रहे हैं।

नगर निगम मुख्यालय में जन्म-मृत्यु कार्यालय में रोज करीब 100 लोग पहुंचते हैं। इसमें कई नए आवेदक होते हैं तो कईयों को प्रमाण पत्र का नवीनीकरण कराना होता है। विभाग में वर्षों से एक ही जगह कार्यालय चल रहा था। सोमवार को भवन के पीछे की तरफ कार्यालय को स्थानांतरित करने का काम शुरू कर दिया गया, और मुख्य गेट को बंद कर दिया गया। जिससे प्रमाणपत्र बनवाने आने वाले लोगों को भटकना पड़ा।

मंगलवार को सुबह फिर काफी संख्या में प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोग पहुंचे तो उन्हें पीछे स्थानांतरित होने की बात बताई गई। जब आवेदक पीछे गए तो वहां कर्मचारियों ने एक से दो दिन बाद कार्यालय आने को कहा। कर्मचारियों ने तर्क दिया की अभी पूरी तरह से कम्प्यूटर और अन्य डाटा एकीकृत नहीं हो पाएं हैं।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय कुमार संखवार ने बताया कि कार्यालय स्थानांतरण किया जा रहा है लेकिन कोई भी कार्य प्रभावित नहीं है। उन्होंने कहा कि जो समस्याएं आ रही हैं वह एक दो दिन में सहीं हो जाएंगी।

प्राइवेट अस्पतालों में भी तैयारी जारी 

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र को बनाने के लिए प्राइवेट अस्पतालों में भी तैयारी जारी है। नगर निगम द्वारा सभी को लॉगिन आईडी और पास वर्ड दिए जा रहे हैं। जल्द ही नगर निगम में आने वाले लोगों की भीड़ कम हो सकती है।

 

 

 

संबंधित समाचार