हल्द्वानी: मुक्त विवि के पास वन भूमि में बनेगा एस्ट्रोपार्क
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रशासन ने देश के पहले एस्ट्रो पार्क को धरातल पर उतारने के लिए कवायद शुरू कर दी है। प्रशासन, राजस्व, एरीज और वन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने एस्ट्रोपार्क के लिए भूमि चयन के लिए स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल, तराई केंद्रीय वन डिवीजन के डीएफओ वैभव सिंह, एरीज निदेशक दीपांकर बनर्जी ने बुधवार को एस्ट्रो पार्क कम साइंस सिटी निर्माण को तीनपानी में तीन अलग-अलग स्थानों पर वन भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मुक्त विश्वविद्यालय के समीप की भूमि सबसे मुफीद पाई गई । अब इस वन भूमि के हस्तांतरण का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
डीएम गर्ब्याल ने बताया कि शासन ने हल्द्वानी में एस्ट्रोपार्क कम साइंस सिटी बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है। 100 करोड़ की लागत से बनने वाला यह देश का पहला एस्ट्रोपार्क कम साइंस सिटी होगा। इसके लिए करीब 15 एकड़ भूमि की जरूरत है। मुक्त विवि के समीप की भूमि को प्रस्तावित किया गया है। मुक्त विवि के समीप एस्ट्रोपार्क निर्माण से इस क्षेत्र को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस पार्क में नक्षत्र और नवग्रह का अध्ययन किया जाएगा। इसमें साइंस लैब के साथ शिक्षार्थियों के लिए हॉस्टल, डाटा सेंटर, साइंस का पार्क भी निर्माण होगा। एशिया की सबसे बड़ी दूरबीन ओखलकांडा नैनीताल से एस्ट्रोपार्क की कनेक्टिविटी भी दी जाएगी। इस दौरान एसडीओ शशि देव, एसडीएम मनीष कुमार आदि मौजूद थे।
