सरकार से हाथ मिलाकर टीम भावना से काम करे मीडिया- सीएम खांडू
ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बुधवार को मीडिया बिरादरी से सरकार के साथ हाथ मिलाने और राज्य को आगे ले जाने के लिए टीम भावना से काम करने का आह्वान किया। खांडू यहां गंगा में पुराने अरुणाचल प्रदेश राज्य परिवहन सेवा (एपीएसटीएस) स्टेशन के पास नए खुले अरुणाचल प्रेस क्लब भवन में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मीडियाकर्मियों की एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- अमेरिका का हवाला देते हुए महंगाई को जायज नहीं ठहरा सकती सरकार: कांग्रेस
समाज में मीडिया बिरादरी की भूमिका और योगदान को स्वीकार करते हुए उन्होंने मीडियाकर्मियों को प्रेस की भूमिका और जिम्मेदारियों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता का फायदा उठाकर लोगों को सच बताना चाहिए और किसी के दबाव में काम नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा, “हम अपने पत्रकार मित्रों के योगदान को बहुत महत्व देते हैं और हमें लगातार सूचित करने और हमारे सामूहिक हस्तक्षेप की आवश्यकता वाले मुद्दों को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए उनकी सराहना करते हैं।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नए जमाने के पत्रकारों के कारण इंटरनेट, सोशल मीडिया और डिजिटल तकनीक के इस युग में वास्तविक पत्रकारों को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा,“लोगों तक सही जानकारी का प्रसार करना अनिवार्य हो जाता है।” लोकतंत्र के चारों स्तंभों - विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और मीडिया का राष्ट्र निर्माण के लिए काम करने का एक समान लक्ष्य होने का उल्लेख करते हुए, उन्होंने कहा कि मीडिया बिरादरी को राज्य को आगे ले जाने के लिए विकास के पथ पर टीम भावना से काम करना चाहिए। एपीयूवाईजे अध्यक्ष द्वारा उन्हें सौंपे गए दो सूत्री ज्ञापन के जवाब में खांडू ने कहा, “मीडिया के लिए जिस काम करने की आवश्यकता होगी मैं निश्चित रूप से करूँगा।”
उन्होंने कहा कि वह पत्रकारों के लिए वार्षिक अनुदान पर विचार कर रहे हैं। इस मौके पर आईपीआर मंत्री बामांग फेलिक्स, आईपीआर मंत्री के सलाहकार लाईसम सिमाई और अरुणाचल प्रदेश यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (एपीयूडब्ल्यूजे) के अध्यक्ष अमर सांगनो ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने आईपीआर के सचिव अजय कुमार बिष्ट और आईपीआर के निदेशक ओन्योक पर्टिन और अरुणाचल प्रेस क्लब (एपीसी), एपीयूडब्ल्यूजे और अरुणाचल इलेक्ट्रॉनिक एंड डिजिटल मीडिया एसोसिएशन (एईडीएमए) के पदाधिकारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में नए अरुणाचल प्रेस क्लब भवन का उद्घाटन किया। संतोष.संजय
यह भी पढ़ें- जेल में कैदियों की फील्ड ट्रेनिंग के लिये कार्यक्रम शुरू करें अधिकारी : हाई कोर्ट
