सेना भर्ती: 1732 ने कराई कागजात की जांच, लगाई दौड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जोनल भर्ती अधिकारी ने लिया रैली का जायजा

अयोध्या, अमृत विचार। अग्निवीर भर्ती योजना के तहत डोगरा रेजिमेंटल सेंटर के हेलिपैड ग्राउंड पर चल रही 21 दिवसीय भर्ती के दूसरे दिन तकनीकी श्रेणी के क्लर्क व स्टोरकीपर पद पर भर्ती के लिए कुल पंजीकृत 3522 अभ्यर्थियों में से 1732 ने ग्राउंड पहुंच अपने कागजात की जांच कराई। दौड़ में शामिल हुए तथा सफल होकर शारीरिक परीक्षण में भाग लिया। शुक्रवार को भी तकनीकी श्रेणी में क्लर्क व स्टोरकीपर पद पर भर्ती के लिए दौड़ और शारीरिक परीक्षण होगा। 

तकनीकी श्रेणी में क्लर्क व स्टोरकीपर पद पर भर्ती के लिए गुरुवार को अंबेडकरनगर के 398, अयोध्या के 599, कौशाम्बी के 377, कुशीनगर के 631, महाराजगंज के 427, सिद्धार्थनगर के 97, सुल्तानपुर के 515 व अमेठी के 478 समेत कुल 3522 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजा गया था। इनमें से आधे से भी कम 1732 ही ग्राउंड पहुंचे और कागजात की जांच कराने के बाद दौड़ लगाई तथा फिर शारीरिक परीक्षण चिनअप, लांग व हाई जम्प आदि में शिरकत की। भर्ती केंद्र अमेठी के सहायक भर्ती अधिकारी ने बताया कि आज पंजीकृत कुल 3522 अभ्यर्थियों में से 1732 ने भर्ती रैली में शिरकत की है। 

फरवरी 23 के अंत तक शुरू होगा अग्निवीर पहले बैच का प्रशिक्षण :मेजर जनरल
अग्निवीर भर्ती रैली का गुरुवार को जोनल भर्ती अधिकारी उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड मेजर जनरल मनोज तिवारी ने जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पूर्वी यूपी में अयोध्या और वाराणसी भर्ती रैली चल रही है। सरकार की ओर से इस क्षेत्र के अभ्यर्थियों को फरवरी 2023 के अंत तक प्रशिक्षण के लिए भेजने का निर्देश है, जिसको तय समय के मुताबिक पूरा कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार