मोदी कल्पवृक्ष, केजरीवाल बबूल का पेड़, राहुल गांधी खरपतवार हैं : शिवराज चौहान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चौहान ने कहा कि आप और कांग्रेस के वादे झूठे हैं, उनको और कुछ नहीं मिलेगा तो वो जातिवाद फैलाएंगे। गुजरात को बदनाम करने का काम कांग्रेस ने किया।

गांधीनगर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल रंगीन सपने दिखाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन देश और गुजरात जानता है कि PM मोदी कल्पवृक्ष हैं। अरविंद केजरीवाल बबूल के पेड़ हैं उनसे केवल कांटे मिलेंगे और राहुल गांधी खरपतवार हैं। इनसे विकास नहीं होगा। वीर सावरकर का अपमान देश सहन नहीं करेगा। कांग्रेस ने केवल एक परिवार यानी नेहरू परिवार पर ध्यान केंद्रित किया है। 

शिवराज चौहान ने कच्छ जिले की मांडवी विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी कल्पवृक्ष हैं, जिनसे जो जरूरत है वही मिलेगा, केजरीवाल बबूल का पेड़ हैं, जिनसे केवल कांटे ही मिलेंगे, वहीं राहुल गांधी खरपतवार हैं, जो फसल ही खराब कर देंगे। 

भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी अनिरुद्ध भाई दवे के समर्थन में आयोजित इस सभा में चौहान ने कहा कि ये कांग्रेस और आप, देश से संतोष और चैन साफ कर देंगे। मोदी के भागीरथ प्रयास से कच्छ में नर्मदा पहुंची हैं। सरदार सरोवर बांध बना तो गुजरात को पानी मिला और मध्यप्रदेश को बिजली। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस व राहुल गांधी ने हमेशा शहीदों और वीर सावरकर का अपमान किया। कांग्रेस 'रिजेक्टेड माल' से काम चला रही है, उनके पास उम्मीदवार ही नहीं है। वहीं दिल्ली की आप सरकार के संदर्भ में उन्होंने कहा कि एक मंत्री जेल में है, एक जेल के मुहाने पर खड़ा है और मुख्यमंत्री ईमानदारी की बात करते हैं। 

चौहान ने कहा कि आप और कांग्रेस के वादे झूठे हैं, उनको और कुछ नहीं मिलेगा तो वो जातिवाद फैलाएंगे। गुजरात को बदनाम करने का काम कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में गुजरात और यहां की जनता सुरक्षित है। गुजरात पावर जेनरेशन और स्वच्छता सर्वे में देश में अग्रणी है। 

ये भी पढ़ें : भारत जोड़ो यात्रा में राहुल के साथ शामिल हुए महात्मा गांधी के प्रपौत्र, कांग्रेस ने इसे बताया 'ऐतिहासिक'


संबंधित समाचार