निकाय चुनाव : जिले में बढ़े 24 हजार मतदाता 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दावे तथा आपत्तियां लेने के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन

 अमृत विचार, इटावा। निकाय चुनाव के  लिए जिले में सभी छह निकायों की मतदाता सूची तैयार कर ली गई है।  इसका प्रकाशन भी कर दिया गया है। सूची के अनुसार जिले की छह निकायों में मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बाद कुल मिलाकर 24690 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है।सबसे ज्यादा बढ़ोतरी नगर पालिका इटावा के मतदाताओं की संख्या में हुई है। पुनरीक्षण अभियान के दौरान जिलेभर में 17984 मतदाताओं के नाम जोड़े गए थे जो अनंतिम सूची में शामिल थे। 

अनतिम सूची के बाद अंतिम सूची प्रकाशित किए जाने के बीच में जो दावे व आपत्तियां लिए गए। उसमें जिले में 6706 मतदाता और बढ़ गए। इस तरह अब सभी छह निकायों में पिछली सूची की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 24690 की बढ़ोतरी हुई है। इस पुनरीक्षण अभियान के दौरान इटावा नगर पालिका क्षेत्र में 11000 मतदाता बढ़े थी। अंनतिम सूची प्रकाशन के बाद इटावा नगर पालिका क्षेत्र में 4602 मतदाताओं के नाम और मतदाता सूची में शामिल किया गया है। यह मतदाता अब निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। 

भरथना नगर पालिका की मतदाता सूची में अंनतिम प्रकाशन के बाद से 443 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं ।  जसवंतनगर पालिका की मतदाता सूची में 886 नए नाम शामिल किए गए हैं। नगर निकायों में सबसे ज्यादा 415 नए मतदाताओं के नाम नगर पंचायत बकेवर में शामिल किए गए हैं। 

 सबसे कम 270 मतदाताओं के नाम इकदिल नगर पंचायत क्षेत्र में जोड़े गए हैं। अनंतिम प्रकाशन के बाद जो दावे और आपत्तियां आए उनसे 270 नए मतदाताओं के नाम लखना नगर पंचायत में शामिल किए गए  हैं। अब इसी नई मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराया जाएगा।

पहले चला था पुनरीक्षण अभियान

अक्टूबर के महीने में  बीएलओ ने मतदाताओं के घर घर जाकर सूचियों का पुनरीक्षण किया था। इस दौरान कुल मिलाकर 17984 नाम शामिल किए थे। 31 अक्टूबर को अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद और आपत्तियां मांगी गई थी।  नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और जो मतदाता अब नहीं है उनके नाम हटाने के बाद कुल मिलाकर जिले के छह निकायों में 24690 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है

संबंधित समाचार