वाराणसी: पीएम नरेंद्र मोदी आज आएंगे काशी, तमिल संगमम में होंगे शामिल
वाराणसी, अमृत विचार। अब से थोड़ी देर बाद पीएम नरेंद्र मोदी वाराणसी पहुंच रहे हैं। यहां पीएम मोदी काशी तमिल संगमम का शुभारंभ करेंगे। उनके वाराणसी आगमन को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन जारी किया गया है। एयरपोर्ट से लेकर शहर तक रूट डायवर्जन रहेगा। एडीसीपी ट्रैफिक डीके पूरी के अनुसार बीएचयू से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर तक प्रस्थान व आगमन के दौरान एक घंटा पहले से यातायात पर रोक रहेगी।
उत्तर प्रदेश को दक्षिण भारत के राज्य तमिलनाडु से जोड़ने की अनूठी पहल की गई है। काशी तमिल संगमम के जरिए इसे मूर्त रूप दिया जा रहा है। काशी तमिल संगमम कार्यक्रम का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियों को पूरा कराया जा रहा है। शुक्रवार को ही काशी में तमिलनाडु की संस्कृति की धूम दिखाई देने लगी। तमिलनाडु के धर्मगुरुओं का जत्था पहुंचने लगा। इस कार्यक्रम को पर्यटन मंत्रालय की ओर से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर कई प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि तमिलनाडु-काशी का पुराना नाता है, तमिलनाडु का कोई गांव ऐसा नहीं है जहां शिव की पूजा न की जाती हो।यह तमिल कार्तिक महीना है जब सभी उपासक शिव मंदिरों में जाते हैं। संबंधों को फिर से जीवंत करने के लिए तमिल-काशी संगम यात्रा का आयोजन किया गया।
