चम्पावत: सड़क पर निर्माण सामग्री डालने पर ठेकेदार, भवन स्वामी नपे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चम्पावत, अमृत विचार। जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह भंडारी ने रविवार को चम्पावत नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को नगर क्षेत्र में बड़े कूड़ेदान रखने तथा घर-घर से कूड़ा एकत्र करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में रखे गए कूड़ेदान छोटे होने के कारण कूड़ा डिब्बे से बाहर गिर रहा है। जिससे गंदगी फैलती है। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को नगर के विभिन्न स्थानों में सीसी टीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए। ताकि सार्वजनिक स्थलों,  मार्गों पर कूड़ा फेंकने व गंदगी करने वालों के खिलाफ  कार्यवाही की जा सके। निरीक्षण के दौरान डीएम ने छतार से पेट्रोल पंप के बीच तीन स्थानों में सड़क मार्ग में भवन सामग्री अव्यवस्थित तरीके से रखे जाने पर ठेकेदार विनोद वर्मा का 10 हजार का व दो भवन स्वामियों पीसी पंत व जोगा भट्ट का पांच-पांच हजार रुपये का मौके पर ही  चालान करने के निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिए।

जिलाधिकारी ने एनएच के किनारे निर्माणाधीन भवनों का भी निरीक्षण किया तथा अपर जिलाधिकारी को राजस्व टीम के माध्यम से लगातार नगर में हो रहे भवन निर्माण कार्यों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अशोक वर्मा, डीडीएमओ मनोज पांडेय आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार